विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोलियां लगने बावजूद बदमाशों से लड़ता रहा युवक... रामपुर में हत्याकांड का रोंगटे खड़े करने वाला वीडियो वायरल

Published: Mon, 12 Oct 2026 11:24 AM (IST)

रामपुर के मिलकखानम में एक वॉशिंग हब संचालक पर कार सवार बदमाशों ने गोलियां बरसाईं, जिससे उसकी मौत हो गई।

HighLights

  1. वॉशिंग हब संचालक पर कार सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां।

  2. गोली लगने के बाद भी संचालक ने किया हमलावरों का मुकाबला।

  3. सीसीटीवी फुटेज वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच, परिजन हिरासत में।

संवाद सहयोगी, रामपुर। वॉशिंग हब संचालक पर कार सवार दो बदमाशों ने गोलियां बरसाई थीं। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। रविवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित इस वीडियो में पूरी घटना कैद है।

गोली लगने के बाद भी संचालक ने हिम्मत नहीं हारी और बदमाशों से भिड़ता रहा, लेकिन हमलावरों की लगातार फायरिंग के आगे वह जिंदगी की जंग हार गया। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

मिलकखानम क्षेत्र कुम्हारिया कला स्थित वाशिंग हब पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। प्रत्यक्ष रूप से घटना के समय वॉशिंग हब पर संचालक के अलावा तीन अन्य युवक भी मौजूद थे।

सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। वायरल वीडियो के मुताबिक, दो बदमाश कार से पहुंचे और संचालक को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने के बाद भी संचालक ने हमलावरों का मुकाबला करने की कोशिश की। इसके बावजूद बदमाश लगातार गोलियां बरसाते रहे और संचालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

तीन युवकों ने काउंटर में घुसकर बचाई थी जान

वारदात के समय वाशिंग हब पर मौजूद तीन अन्य युवक अचानक हुई फायरिंग से सहम गए। बदमाशों के हाथों में हथियार देखकर वे घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपने लगे। बताया जा रहा है कि इनमें से एक युवक दुकान के काउंटर के अंदर घुस गया और वहीं छिपकर अपनी जान बचाई।

सीसीटीवी फुटेज में यह घटना भी कैद हो गई। घटना में इस्तेमाल की गई कार और हमलावरों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मिलकखानम थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।

एक हत्यारोपित के स्वजन को पुलिस ने उठाया

दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपितों में पुलिस ने एक के स्वजन को उठा लिया है। उनसे पूछताछ कर हत्याराेपित तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना के पीछे की वजह मृतक का रिश्ते की दादी से प्रेम प्रसंग ही सामने आ रही है। महिला के स्वजन पर ही हत्या के साक्ष्य मिले हैं। हालांकि पुलिस अभी इस प्रकरण में कुछ भी बोलने से इनकार कर रही है।

यह भी पढ़ें- रामपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग कर युवक की हुई हत्या, न्यूजीलैंड से आए सौतेले बेटे समेत 8 पर केस