विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीईओ पर कसना चाहते थे शिकंजा, उल्टा पड़ा दांव: रामपुर में शिकायत करने वाले 3 शिक्षक निलंबित

Published: Sun, 18 Oct 2026 12:36 PM (IST)

रामपुर में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बबीता सिंह के खिलाफ शिकायतें करने वाले तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. महिला बीईओ के खिलाफ अभद्र भाषा-धार्मिक भावनाएं भड़काने का भी आरोप

संवाद सहयोगी, रामपुर। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बबीता सिंह के विरुद्ध शिकायतों के जरिए दबाव बनाने का दांव तीन शिक्षकों पर ही भारी पड़ गया। जांच में तत्कालीन बीईओ के विरुद्ध हुई शिकायतें सही नहीं मिलीं। उल्टा, शिकायत करने व कराने वाले तीन शिक्षकों के विरुद्ध लगे आरोपों की पुष्टि होने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कल्पना देवी ने आरोपित सहायक अध्यापक साजिद अली, मोहम्मद सईद और शैलेंद्र उपाध्याय को निलंबित कर दिया।

तीनों पर फर्जी नामों से शिकायतें भेजने, इंटरनेट मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां करने और स्वार ब्लाक का शैक्षिक माहौल खराब करने के आरोप हैं। बीएसए ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित समिति की जांच रिपोर्ट और शासन के निर्देशों पर कार्रवाई हुई है।

तीनों शिक्षकों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। उधर, तत्कालीन बीईओ बबीता सिंह के विरुद्ध हुई शिकायतें जांच में गलत मिली हैं।

बीएसए ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को निलंबन आदेश जारी किए। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय समिति ने पूरे प्रकरण की जांच की थी। समिति में डायट के प्रवक्ता, खंड शिक्षा अधिकारी शाहबाद और डिप्टी कलेक्टर हर्षवर्धन शामिल थे।

जांच आख्या के आधार पर शासन के 21 सितंबर,2026 के पत्र के क्रम में तीनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश हुए थे। समिति की रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि हुई।

जिसके मुताबिक उच्च प्राथमिक विद्यालय फैजुल्लानगर के सहायक अध्यापक साजिद अली पर विद्यालय बंद मिलने और निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने से नाराज होकर षड्यंत्र रचने, शिकायतें भेजने और विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप हैं।

पूर्व माध्यमिक विद्यालय टांडा वार्ड नंबर सात के सहायक अध्यापक मोहम्मद सईद पर महिला अध्यापिका को अपशब्द कहने और निरीक्षण में अनुपस्थित मिलने पर बीईओ को धमकाने और अनैतिक दबाव बनाने का आरोप सही मिला।

वहीं, प्राथमिक विद्यालय सरकड़ी के इंचार्ज प्रधानाध्यापक शैलेंद्र उपाध्याय पर इंटरनेट मीडिया पर महिला बीईओ के खिलाफ अभद्र और अनैतिक भाषा का प्रयोग करने तथा धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप जांच में सामने आया।

तीनों को प्रथम दृष्टया आरोपों का दोषी मानते हुए निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें ब्लाक संसाधन केंद्र स्वार से संबद्ध किया गया है।

खंड शिक्षा अधिकारी मिलक राजेंद्र सिंह बोरा को जांच अधिकारी नामित किया गया है। वह आरोप पत्र और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार जांच पूरी कर आख्या प्रस्तुत करेंगे।

यह भी पढ़ें- जौहर यूनिवर्सिटी में काले धन की जांच तेज: चार साल में में तीसरी बार ईडी ने रामपुर में मारा छापा, ट्रस्ट का पंजीकरण रद