सावधान! आपकी चाय में तो नहीं घुला 'जहर'? Rampur में चाय के 2 बड़े ब्रांड्स पर लगा बैन, मिले लोहे के कण
रामपुर में फहमिदा कलर मसाला टी और गुडविल टी नामक दो ब्रांडों की चाय में लोहे के बारीक कण और ...और पढ़ें

एआई इमेज
जागरण संवाददाता, रामपुर। जिले में बिक रही दो ब्रांड की चाय की गुणवत्ता जांच में मिलावट का मामला सामने आया है। फहमिदा कलर मसाला टी और गुडवाइल टी के नमूनों में लोहे के बारीक कण मिलने के साथ प्रतिबंधित रंग की मिलावट भी पाई गई है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाते हुए संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी किए हैं। खाद्य विभाग की टीम ने 21 जुलाई को अनाज मंडी स्थित पीके ट्रेडर्स से 28,080 रुपये मूल्य की 78 किलो फहमिदा कलर मसाला टी जब्त की थी।
इसके अगले दिन 22 जुलाई को टांडा के हाजीपुर मुहल्ले में एक दुकान पर छापेमारी कर सात किलो फहमिदा कलर मसाला टी जब्त की गई थी। इन उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे।
प्रभारी सहायक आयुक्त संजीव सिंह ने बताया कि गुडवाइल टी के नमूने में भी लोहे के बारीक कण पाए गए हैं। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि इन उत्पादों का निर्माण कहां किया जा रहा है और जिले में किन-किन दुकानों पर इनकी आपूर्ति हो रही है।
दोनों ब्रांड की चाय के उत्पादकों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। जिला अस्पताल के कंसलटेन्ट फिजिशियन डाॅ. दशरथ सिंह का कहना है कि किसी भी खाद्य पदार्थ में केमिकल युक्त रंग और लोहे के बारीक कण स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है। ऐसे उत्पादों का लगातार सेवन शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
