रामपुर SP विद्या सागर के ट्रांसफर पर फूट-फूटकर रोने लगीं महिला सिपाही, अधिकारी के भी छलके आंसू
रामपुर के निवर्तमान एसपी विद्या सागर मिश्र की विदाई समारोह पुलिस लाइन में भावुक कर देने वाला रहा। दो साल ...और पढ़ें
HighLights
विदाई समारोह में हर किसी की नम हो गईं आंखें
20 अप्रैल को प्रशिक्षण पूरा कर विदा होंगी प्रशिक्षु महिला आरक्षी
जागरण संवाददाता, रामपुर। लगभग दो वर्ष जिले की बागडोर संभालने के बाद पीएसी सीतापुर के लिए स्थानांतरित निवर्तमान पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र जब पुलिस लाइन में आयोजित विदाई समारोह में पहुंचे तो वहां वर्दी में मौजूद लगभग 600 बेटियां फफक कर रोईं। इस दौरान एसपी भी भावुक हो गए और उनके आंखों से भी आंसू छलक पड़े।
पिछले वर्ष अगस्त में पुलिस लाइन में प्रशिक्षण के लिए लगभग छह सौ बेटियां रामपुर पहुंची थीं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें निवर्तमान एसपी विद्या सागर मिश्र से अपार स्नेह मिला। वह प्रतिदिन सुबह और शाम इन बेटियों से मिलने और प्रशिक्षण की व्यवस्थाएं जांचने पुलिस लाइन जरूर जाते थे।
छोटी-छोटी शिकायतों का भी वह तत्काल निस्तारण भी कराते थे। इसके चलते प्रशिक्षु महिला आरक्षियों के बीच उनकी छवि पिता जैसी बन गई थी। 20 अप्रैल को प्रशिक्षु आरक्षियों का प्रशिक्षण पूरा हो जाएगा। उनकी विदाई की तैयारी भी शुरू हो गई है।
इसी बीच एसपी विद्या सागर का स्थानांतरण आदेश आ गया। बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित विदाई समारोह में जब निवर्तमान एसपी विद्या सागर मिश्र पहुंचे तो बेटियां मायूस हो गईं। कार्यक्रम के बाद एसपी जब उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना देते हुए चले तो सभी बेटियां फफक कर रो पड़ीं। इस दौरान उनको समझाते हुए एसपी की भी आंखें छलक उठीं। इससे पुलिस लाइन का माहौल ही भावुक हो गया। विद्या सागर मिश्र गुरुवार को सीतापुर नए तैनाती स्थल के लिए रवाना होंगे।
