स्मार्ट सिटी की तर्ज पर चमकेगा रामपुर: पिंक टॉयलेट से लेकर EV चार्जिंग तक, जानें क्या है 'नवयुग' प्लान
रामपुर नगर पालिका को नवयुग पालिका योजना में शामिल किया गया है, जिससे शहर के विकास के लिए प्रति वर्ष ...और पढ़ें

नगर पालिका परिषद रामपुर।
HighLights
शासन को विकास कार्यों की डीपीआर भेजेगा पालिका प्रशासन
शहरी जीवन की गुणवत्ता में होगा सुधार, पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
राजेश राज, रामपुर। नगर निगमों की तर्ज पर अब शहर का विकास हो सकेगा। प्रदेश सरकार की नवयुग पालिका योजना में नगर पालिका रामपुर भी शामिल है। शासन स्तर से योजना के तहत कराए जाने वाले कार्यों को लेकर गाइड लाइन जारी कर दी गई है। इस योजना के तहत रामपुर नगर पालिका को पांच साल तक प्रत्येक वर्ष 12 करोड़ की धनराशि मिलेगी।
इससे शहर में निर्माण कार्य, शहरी जीवन की गुणवत्ता सुधारने, सुरक्षा बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। पालिका प्रशासन विकास कार्यों की डीपीआर शासन को भेजेगा। शहर में सीसीटीवी आधारित निगरानी, डिस्ट्रिक्ट कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट्स जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।
डार्क स्पाट चिह्नित कर वहां रोशनी की विशेष व्यवस्था की जाएगी। इससे अपराध पर अंकुश लगेगा। नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे। वहीं महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक स्थलों पर पिंक शौचालय और शी-लाउंज विकसित किए जाएं।
यह पहल क्षेत्र के विकास के साथ शहर को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। फुटपाथों का निर्माण, पार्कों का सुंदरीकरण भी होगा। योजना में शहरों की पहचान और सांस्कृतिक विरासत को भी संजोने का प्रयास किया गया है। महत्वपूर्ण प्राचीन स्मारकों और ऐतिहासिक भवनों के संरक्षण के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
गौरव पथ के रूप में मुख्य मार्गों का विकास शहर की छवि को नया आयाम देगा। पर्यावरण संरक्षण के तहत थीम पार्क, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। पालिका इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित कर सकेगी। नागरिक सेवाओं को आसान बनाने के लिए सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
केबल बंचिंग, ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और नए निकाय भवनों का निर्माण शहरों की आधारभूत संरचना को मजबूत करेगा। इस योजना के तहत पीपीपी माडल पर नवाचार आधारित परियोजनाओं को भी बढ़ावा दिया जाएगा। शहर को स्मार्ट, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। रामपुर नगर पालिका डेढ़ लाख से अधिक आबादी वाली पालिका है।
प्रदेश सरकार की नवयुग पालिका योजना में रामपुर नगर पालिका भी चयनित है। डेढ़ लाख से अधिक आबादी वाली श्रेणी में है। योजना के तहत शहर में विभिन्न विकास कार्य कराए जाने को प्रत्येक वर्ष 12 करोड़ की धनराशि जारी की जाएगी। इससे पार्क, फुटपाथ, प्रकाश, चौराहों के विकास कार्य कराए जा सकेंगे। इन कार्यों को लेकर शासन की विस्तृत गाइड लाइन जारी हो गई। डीपीआर तैयार कराकर शासन को भेजी जाएगी।
-दुर्गेश्वर त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका रामपुर
यह भी पढ़ें- रामपुर डबल मर्डर केस: पूर्व भाजपा नेता समेत 8 पर था आरोप, 14 साल बाद अंतिम बहस शुरू
