रूसी सेना में तैनात रामपुर के शावेद की ड्यूटी के दौरान गोली लगने से मौत, परिवार में मातम
रामपुर के मसवासी क्षेत्र के 22 वर्षीय शावेद की रूस की सेना में ड्यूटी के दौरान गोली लगने से मौत ...और पढ़ें
-1775239344272_m.webp)
मृतक शावेद का फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, जागरण, रामपुर। रूस की सेना में तैनात जिले के एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई। उसकी मौत की जानकारी से परिवार में चीख पुकार मची है। रूस से उसका शव यहां भेजा गया है। शव शनिवार तड़के दिल्ली एयरपोर्ट पर आएगा।
स्वजन शव लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं। युवक स्वार तहसील के मसवासी क्षेत्र का रहने वाला 22 वर्षीय शावेद है। वह करीब नौ महीने पहले स्वजन को स्टील फर्नीचर का काम करने की बात कहकर रूस गया था। दो माह फर्नीचर का काम करने के बाद वह रूस की सेना में भर्ती हो गया था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को ड्यूटी के दौरान उसे गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। शावेद अपने परिवार का सहारा था। उसका एक छोटा भाई नावेद मानसिक रूप से पीड़ित है। ऐसे में घर की पूरी जिम्मेदारी शावेद के ही कंधों पर थी। उसकी असमय मौत से उसके स्वजन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
शावेद का शव शनिवार तड़के सुबह करीब 3.20 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगा, जहां रूस सैनिक उसका शव स्वजन को सौंपेंगे। गांव के लोगों का कहना है कि शावेद मेहनती और मिलनसार युवक था, जिसने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए विदेश का रुख किया था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
दूध बेचते हैं पिता
शावेद के परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। उसके पिता दुल्हे हसन ग्रामीणों के घर से दूध खरीद कर होटलों पर बेचने का काम करते हैं। वह पिता का सहारा बनने के लिए विदेश चला गया था। वहां रूस की सेना में भर्ती हो गया। इससे स्वजन भी खुश थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि एक दिन उनके घर का चिराग बुझ जाएगा।
