विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामपुर-शाहबाद हाईवे पर 100 करोड़ के बजट के बाद भी गड्ढों का सफर, 3 साल बाद भी 50% काम अधूरा!

Published: Fri, 02 Oct 2026 09:28 PM (IST)

रामपुर-शाहबाद स्टेट हाईवे का निर्माण कार्य तीन साल से रुका हुआ है, जिससे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं ...और पढ़ें

रामपुर शाहबाद मार्ग पर गड्ढों में भरा पानी। जागरण आर्काइव

रामपुर शाहबाद मार्ग पर गड्ढों में भरा पानी। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. लोक निर्माण विभाग कार्यदायी संस्था पर कार्य तेजी से कराने को नहीं बना पा रहा दबाव

संवाद सहयोगी, शाहबाद (रामपुर)। रामपुर-शाहबाद स्टेट हाईवे पर निर्माण कार्य की रफ्तार थमने से राहगीरों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सड़क जगह-जगह जर्जर हो चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। निर्माण कार्य कभी कुछ दिनों के लिए शुरू होता है तो फिर दोबारा बंद हो जाता है। ऐसे में राहगीरों को लंबे समय से बदहाल सड़क से होकर गुजरना पड़ रहा है।

पूर्व में निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार की मौत के बाद काम रुक गया था। इसके बाद बीच-बीच में निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन कुछ दिन के बाद काम फिर बंद हो गया।

इससे सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो पा रहा है। शाहबाद से रामपुर के बीच कई स्थानों पर पुलियाें के आसपास भी सड़क का काम अधूरा पड़ा है। मार्ग के अन्य हिस्सों में भी गहरे गड्ढे हो गए हैं।

शाहबाद से रामपुर व स्वार होकर उत्तराखंड के बाजपुर सीमा तक के करीब 56 किमी के सड़क चौड़ीकरण का कार्य तीन साल से चल रहा है। करीब सौ करोड़ के बजट वाले इस कार्य की स्थिति यह है कि अभी 50-60 प्रतिशत के बीच ही झूल रहा है।

ऐसे में गड्ढों के कारण वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ता है। आमने-सामने से वाहन आने पर परेशानी और बढ़ जाती है। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता।

रात के समय हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार खराब सड़क के कारण आए दिन बाइक सवार गिरकर चोटिल होते हैं। रामपुर और शाहबाद के बीच यह प्रमुख संपर्क मार्ग है।

प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आवागमन करते हैं। राहगीरों का कहना है कि उन्हें अब काम पूरा होने और अच्छी सड़क बनने का इंतजार है। सहायक अभियंता हर्षित जैन ने बताया कि सड़क चौडीकरण पूरा करने की अवधि मार्च 2027 तक है।

बीच में कार्यदायी संस्था के ठेकेदार का निधन होने और बारिश के चलते कार्य रुक गया था। पुलियों का कार्य कराया जा रहा था। अब तेजी पकड़ गया है। निर्धारित अवधि में कार्य पूरा कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- जौहर यूनिवर्सिटी विवाद: DM रामपुर पर नक्शा न देने का आरोप, कमिश्नर कोर्ट ने दिए सत्यापित प्रतियां जारी करने के आदेश