पाकिस्तानी नंबर से धमकी, FIR में देरी पर भड़के पीठाधीश्वर सच्चिदानंद, सड़क पर धरने पर बैठे
पीठाधीश्वर सच्चिदानंद महाराज को पाकिस्तानी नंबर से धमकी मिलने के आठ दिन बाद रामपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। FIR ...और पढ़ें

रामपुर में ज्वालानगर स्थित राम चौक पर धरने पर बैठे पीठाधीश्वर सच्चिदानंद महाराज।
जागरण संवाददाता, रामपुर। आठ दिन पहले रामपुर आए श्री चित्रगुप्त पीठ गोवर्धन मथुरा के पीठाधीश्वर डा. सच्चिदानंद महाराज को पाकिस्तान नंबर से मिली धमकी के मामले में सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने गुरुवार शाम प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
प्राथमिकी दर्ज कराने आए पीठाधीश्वर को काफी देर इंतजार करना पड़ा, जिस पर वह नाराज होकर राम चौक ज्वालानगर पर धरना देकर बैठ गए। जानकारी मिलने पर सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी ओमकार सिंह तुरंत वहां पहुंच गए और आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
करीब 20 मिनट तक वह धरने पर बैठे रहे। प्राथमिकी में पीठाधीश्वर ने कहा है कि उन्होंने श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर परिसर के पास कार सेवा के लिए नौ अगस्त को मथुरा में बड़ा आयोजन किया था।
छह दिसंबर को लाखों की संख्या में साधु संतों और सनातनियों के साथ कार सेवा करने की घोषणा की थी। नौ सितंबर को वह रामपुर में ज्वालानगर स्थित श्री आदर्श रामलीला मैदान में जन्माष्टमी अवसर पर श्री कृष्ण छटी महोत्सव के आयोजन में शामिल होने आए थे।
इस दौरान उनके वाट्सएप नंबर 9015082766 पर पाकिस्तानी नंबर 92 3114132766 से धमकी भरे मैसेज आए थे। इसकी जानकारी उसी दिन पुलिस को दी गई थी। हालांकि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की थी।
गुरुवार को पीठाधीश्वर फिर रामपुर आए और अपने कुछ स्थानीय अनुयायियों के साथ सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे। यहां काफी देर तक इंतजार के बाद भी उनकी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।
इस पर वह ज्वालानगर राम चौक पर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली है। विवेचना उप निरीक्षक अभिनव देशवाल को सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें- पूरब से पश्चिम पहुंचा कातिल वायरस: रामपुर में जापानी बुखार का खौफ, 7 साल में 4 की मौत!
