विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवरात्र से पहले रामपुर के लोगों के लिए बड़ी राहत! 129 सड़कों के गड्ढे भरने के लिए जारी हुए 1.77 करोड़ रुपये

Published: Mon, 14 Sep 2026 09:56 PM (IST)

रामपुर में बारिश से खराब हुई 129 सड़कों के गड्ढे भरने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 1.77 करोड़ रुपये ...और पढ़ें

गांधी समाधि पर सड़क में हुए गड्ढों से होकर गुजरते वाहन। जागरण

गांधी समाधि पर सड़क में हुए गड्ढों से होकर गुजरते वाहन। जागरण

राजेश राज, रामपुर। चमचमाती सड़क और बार-बार होता रहा जलभराव। नतीजा यह कि गड्ढ़ा हो गया। तेज रफ्तार से आने वाले वाहनों को रफ्तार पर ब्रेक लगाने पर रहे हैं। किसी कारण वंश ब्रेक लगाना भूले तो गाड़ी उछल पड़ रही है। यह स्थिति नगर में एतिहासिक महत्व रखने वाले गांधी समाधि स्थल से सटी सड़क का है।

बारिश में गड्ढे वाली सडक बनने वाली यह अकेली नहीं है। 313 किमी के दायरे की 129 सड़कें, जिनमें अधिकांश में इसी तरह बारिश में पानी के ठहराव की वजह से गड्ढ़े बन गए हैं। बाहर हाल अब यह सभी सड़कें गड्ढ़ाें से बाहर आएंगी।

लोक निर्माण विभाग ने इनकी कार्ययोजना तैयार कर ली है। वहीं इनकी मरम्मत व सुधार के लिए 1.77 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए गए हैं। आगामी नवरात्र व रामलीला मंचन और विजयी दशमी पर्वों को ध्यान में रखते हुए जल्दी कार्य आरंभ कराने की तैयारी है।

डेढ़ माह तक रुक-रुककर हुई बारिश ने जिले की सड़कों की हालत बिगाड़ दी है। कई प्रमुख मार्गों पर सड़क की सतह उखड़ने के साथ जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं।

रामपुर-शाहबाद और रामपुर-स्वार मार्ग समेत ग्रामीण क्षेत्रों की तमाम सड़कों पर बारिश के बाद सफर आसान नहीं रह गया है। अब मौसम साफ होने और धूप निकलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने इन गड्ढों से सड़कों को बाहर निकालने की तैयारी शुरू कर दी है।

विभागीय सर्वे में जिले की 129 सड़कों पर करीब 313 किलोमीटर हिस्से में गड्ढे चिह्नित किए गए हैं। इनमें अधिकांश सड़कें तीन साल से पूर्व की बनी हुई बताई गई हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सड़कों को गड्ढा मुक्त करने को लेकर सख्त रुख अपनाए जाने के बाद विभागीय स्तर पर भी कवायद तेज हुई है। यह समस्या केवल बारिश से बने गड्ढों तक सीमित नहीं है।

कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत पहले से कमजोर थी। बारिश का पानी मिलने के बाद सड़क की सतह उखड़ती गई और छोटे गड्ढे बड़े होते गए। जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने वाले स्थानों पर स्थिति ज्यादा खराब हुई है।

1.77 करोड़ से भरेंगे गड्ढे

लोक निर्माण विभाग ने फिलहाल 129 सड़कों पर करीब 313 किलोमीटर हिस्से को मरम्मत के लिए चिह्नित किया है। इनके सुधार के लिए शासन से 1.77 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। अब अभियंता सड़कों की स्थिति के अनुसार मरम्मत कार्य की प्राथमिकता तय कर रहे हैं।

प्रमुख मार्गों और अधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों पर प्रस्तावित कार्य कराए जाने को टेंडर जारी कराने की तैयारी है। कुछ के टेंडर जारी कर भी दिए गए हैं। इन सड़कों की मरम्मत के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि केवल गड्ढों में सामग्री डालकर काम पूरा न कर दिया जाए।

जिन स्थानों पर पानी निकासी की समस्या है, वहां पहले जलभराव का स्थायी समाधान जरूरी होगा। वरना अगली बारिश में मरम्मत के बाद सड़क फिर उखड़ने का खतरा रहेगा। फिलहाल बारिश थमने के बाद सड़कों को दुरुस्त करने के लिए विभागीय अभियंता कार्ययोजना को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

 

बारिश के बाद जिले की सड़कों का सर्वे कराया गया है। 129 सड़कों के करीब 313 किलोमीटर हिस्से में गड्ढे चिह्नित हुए हैं। मरम्मत के लिए 1.77 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। मौसम अनुकूल होने पर प्राथमिकता के आधार पर काम शुरू कराया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया आरंभ की जा रही है।

- गौरव कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग


यह भी पढ़ें- दहेज नहीं दिया तो बेटी ने मांगे पैसे... गुस्से में अंधे पिता ने लोहे की रॉड से कर दी हत्या, रामपुर में सनसनी