रामपुर: बारिश में नाले में डूबे 8 साल के बच्चे का 18 घंटे बाद मिला शव, घर से एक किलोमीटर दूर हुआ बरामद
सोमवार को रामपुर में बारिश के दौरान नाले में डूबे आठ साल के बच्चे अब्दुल करीम का शव 18 घंटे ...और पढ़ें

इसी नाले में पानी के साथ बह गया था मासूम और इनसेट में मृतक अब्दुल रहमान का फाइल फोटो
HighLights
पुलिस, अग्निशमन और नगर पालिका की टीमें कर रही थीं तलाश
सोमवार को बारिश में खेलते समय पैर फिसलने से नाले में डूबा था
जागरण संवाददाता, रामपुर। सोमवार को बारिश के समय नाले में डूबे बालक का शव 18 घंटे बाद घर से एक किलोमीटर दूर मिला। नाले में शव देख भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। बच्चे का शव देख स्वजन में चीख पुकार मच गई। हादसा सोमवार को अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे हुआ था। तब काफी तेज बारिश हो रही थी।
नैनीताल हाईवे पर पहाड़ी गेट के पास सतूने संग नई बस्ती में जुमेरात की बाजार में शन्नू का घर है। उनका आठ साल का बेटा अब्दुल करीम और बड़ा भाई अब्दुल रहीम घर के बाहर बारिश में खेल रहे थे। सड़क पर पानी भरा था और सामने ही खुला नाला था, जो बारिश के पानी के कारण तेजी से बह रहा था।
अचानक अब्दुल करीम का पैर फिसल गया और वह नाले में गिर गया। बड़े भाई ने शोर मचाया तो स्वजन आ गए। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। मुहल्ले के कुछ लोगों ने हिम्मत कर नाले में उतरकर तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मिला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
कुछ देर में ही वहां गंज कोतवाली प्रभारी टीम के साथ पहुंच गए। फायर ब्रिगेड की टीम के अलावा नगर पालिका के अधिकारी व अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह भी पहुंच गए। बालक की तलाश शुरू की गई। नाला में काफी दूर तक बालक की तलाश की जाती रही।
तेज बहाव और नाले की गहराई के कारण तलाश करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। रात साढ़े आठ बजे तक तलाश जारी थी, लेकिन बालक का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण बालक की तलाश बंद कर दी गई। हालांकि रात तक बालक के डूबने की खबर आसपास के मुहल्लों तक फैल गई थी।
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में बाबा दीप सिंह नगर से गुजरने वाले नाले में बच्चे का शव उतराता मिला। स्थानीय लोगों ने जब शव देखा तो मौके पर भीड़ जुट गई। जानकारी मिलने पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने शव बाहर निकाला।
बालक के स्वजन भी सूचना पर पहुंच गए। शव देख चीख पुकार मच गई। स्वजन का कहना था कि रात भर बालक के सकुशल मिलने की दुआ करते रहे थे। गंज कोतवाली प्रभारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि बालक का शव बरामद हो गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है।
