यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 27, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rampur News: युवती को मतांतरण के लिए धमका रहे युवक को भीड़ ने दबोचा, पुलिस ने भेजा जेल
रामपुर के मिलक में एक मुस्लिम युवक ने हिंदू नाम से फर्जी आईडी बनाकर एक युवती को प्रेम जाल में ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, मिलक। नगर क्षेत्र में लव जिहाद और मतांतरण के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। एक मुस्लिम युवक ने हिंदू के नाम पर इंटरनेट मीडिया पर फर्जी आईडी बना ली। इसके जरिये उसने दूसरे समुदाय की युवती को प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोप है कि इसके बाद वह पीड़िता को मतांतरण के लिए ब्लैकमेल कर रहा था। इन्कार करने पर आरोपित ने पीड़िता को रास्ते में रोक लिया। तमंचा दिखाकर वह उसे धमका रहा था तभी मौके पर एकत्र हुए लोगों ने उसे दबोच लिया। पिटाई के बाद आरोपित को पुलिस के हवाले कर दिया है।
प्रकरण मंगलवार की शाम का है। मोहल्ला असदुल्लापुर निवासी आरोपित अमन सिद्दीकी ने सरेराह तमंचा दिखाकर युवती को रोक लिया। जबरदस्ती शादी व मतांतरण करने की धमकी दी। कहा कि ऐसा न करने पर जान से मार देगा। इस पर युवती ने शोर मचा दिया।
इस पर सड़क से गुजर रहे लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने आरोपित को घेरा तो वह तमंचा लहराते हुए भागने लगा। लोगों ने पीछा करके उसे दबोच लिया। पिटाई के बाद भीड़ ने आरोपित को पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता की मां ने आरोपित के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। बुधवार को पुलिस ने आरोपत को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि आरोपित लगातार युवती का पीछा कर उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। धर्मांतरण के लिए भी उसे परेशान कर रहा था। मुहल्ले के लोगों ने उसे धमकी देते रंगे हाथ पकड़ लिया। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चालान कर दिया गया है।