विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हैप्पी बर्थडे मुंबई एक्सप्रेस! लालकुआं-बांद्रा ट्रेन के 2 साल पूरे, कोटा जाने वाले छात्रों को भी मिल रहा बड़ा फायदा

Published: Tue, 20 Oct 2026 01:43 PM (IST)

लालकुआं-बांद्रा मुंबई एक्सप्रेस 21 अक्टूबर को दो साल पूरे कर रही है, जिसने रामपुर और आसपास के जिलों को मुंबई ...और पढ़ें

लालकुआं-बांद्रा मुंबई एक्सप्रेस

लालकुआं-बांद्रा मुंबई एक्सप्रेस

जागरण संवाददाता, रामपुर। लालकुआं (उत्तराखंड) से मुंबई के बांद्रा टर्मिनस तक चलने वाली मुंबई एक्सप्रेस को 21 अक्टूबर को दो साल हो जाएंगे। इससे पहले रामपुर या आसपास के जिलों से मुंबई तक कोई सीधी ट्रेन सेवा नहीं थी। रामपुर से सुबह 09:20 बजे रवाना होने वाली इस ट्रेन में पहले दिन रामपुर के 40 लोगों ने सफर किया था।

ट्रेन की वापसी का निर्धारित समय बुधवार को 11.48 बजे है। इसका मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़ में भी स्टापेज है। पहले इन जिलों के लोगों को मुंबई जाने के लिए दिल्ली या अन्य शहरों से ट्रेन पकड़नी पड़ती या फिर हवाई जहाज में महंगा सफर करने की मजबूरी थी।

मगर, अब शहर के लोगों को अपने ही स्टेशन से ट्रेन मिल रही है। अपने दो साल में इस ट्रेन से रामपुर के ही करीब छह हजार लोगों ने यात्रा की है। यात्री सप्ताह में एक दिन चलने वाली ट्रेन को दो-तीन बार करना चाहते हैं।

यात्रियों की बात

मिलक के ग्राम रौरा कला निवासी आसिफ खां का कहना है कि वह मुंबई नौकरी करते हैं। पहले दिल्ली से ट्रेन पकड़नी पड़ती थी, लेकिन अब अपने शहर से सीधे मुंबई की ट्रेन सेवा उपलब्ध है। रेलवे इसे सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन कर दे तो अच्छा होगा।

Rampur to Mumbai Train Fare Infographic

शहर के मुहल्ला छिपियान निवासी फरमान बताते हैं कि रामपुर से ऐसे बहुत लोग हैं, जो मुंबई मजदूरी करने जाते हैं। वह भी मुंबई में मजदूरी करते हैं। स्लीपर का किराया भी बहुत कम है। एक ही ट्रेन होने से अक्सर वेटिंग रहती है। तब जनरल का टिकट लेकर 410 रुपये में मुंबई पहुंच जाते हैं।

कोटा जाने वाले विद्यार्थियों को भी मिल रही सुविधा

मुख्य टिकट निरीक्षक गोविंद सिंह जनी बताते हैं कि इस ट्रेन का जो रूट तय है, उससे शहर के अलावा दूसरे जिले के लोगों को बहुत फायदा मिल रहा है।

इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए हजारों बच्चे कोटा जाते हैं। यह ट्रेन कोटा भी जाती है। इसके अलावा गाजियाबाद, निजामुद्दीन दिल्ली, भरतपुर, रतलाम, वडोदरा और सूरत जाने के लिए लोग ट्रेन का लाभ ले रहे हैं।

यह भी पढ़ें- रामपुर को जिला बनाने के लिए 10 साल बाद फिर आवाज बुलंद, दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान