विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामपुर में पत्नी पर मायके से लौटने का दबाव बनाने के लिए दोस्त से कराया बेटे का अपहरण, आरोपी पिता गिरफ्तार

Published: Thu, 10 Sep 2026 04:00 PM (IST)

रामपुर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को मायके से वापस बुलाने के लिए अपने ही मासूम बेटे के अपहरण ...और पढ़ें

पत्नी पर मायके से लौटने का दबाव बनाने को दोस्त से कराया अपने ही बेटे का अपहरण।

पत्नी पर मायके से लौटने का दबाव बनाने को दोस्त से कराया अपने ही बेटे का अपहरण।

HighLights

  1. पिता ने पत्नी को मायके से बुलाने के लिए बेटे का अपहरण कराया।

  2. पुलिस ने आरोपी पिता और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया।

  3. साढ़े तीन वर्षीय मासूम कार्तिक को सकुशल बरामद किया गया।

जागरण संवाददाता, रामपुर। नाराज पत्नी पर मायके से वापस लौटने का दबाव बनाने के लिए एक व्यक्ति ने अपने मासूम बेटे के अपहरण का षड्यंत्र रचा। पुलिस ने मामले का राजफाश कर आरोपित को गिरफ्तार कर बच्चे को बरामद कर लिया है।

बिलासपुर निवासी विकास कुमार ने 6 सितंबर को कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अज्ञात व्यक्ति उसके साढ़े तीन वर्षीय बेटे कार्तिक का अपहरण कर ले गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पता चला कि विकास की दो पत्नियां हैं। दोनों साथ में ही रहती थीं।

पहली पत्नी से दो बटे जबकि, दूसरी पत्नी विनीता उर्फ तरन्नुम से एक बेटा व दो बेटियां हैं। 19 अगस्त को दूसरी पत्नी बिना बताए कहीं चली गई थी, जिसकी गुमशुदगी भी विकास ने 21 अगस्त को दर्ज करवाई थी।

बाद में पता चला कि दूसरी पत्नी मायके गई है। उसको वापस लाने और उसके स्वजन को फंसाने के लिए विकास ने अपने दोस्त शम्भू निवासी गांव भकसौरा थाना खजुरिया के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा।

शम्भू बच्चे को उठाकर उत्तराखंड के सितारगंज ले गया ताकि मामला पूरी तरह अपहरण का लगे। पुलिस टीम ने जब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस की मदद ली, तो विकास की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।

पुलिस ने गुरुवार को नवीन मंडी के जीरो प्वाइंट से विकास को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

इसके बाद पुलिस टीम ने सितारगंज में छापेमारी कर मासूम कार्तिक को सुरक्षित बरामद कर लिया। आरोपित शम्भू को भी दबोच लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और हेलमेट भी बरामद किया है।

यह भी पढ़ें- श्रावस्ती में सीएमओ ने अस्पताल का किया निरीक्षण, ड्यूटी से अनुपस्थित मिले चिकित्साधिकारी से जवाब-तलब