रामपुर में घरेलू कलह से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
रामपुर के स्वार कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में घरेलू कलह से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
घरेलू कलह के कारण युवक ने की आत्महत्या।
मिर्जापुर गांव में पंखे से लटका मिला शव।
मृतक अपने पीछे तीन छोटे बच्चे छोड़ गया।
संवाद सहयोगी, स्वार। कोतवाली क्षेत्र के गांव मिर्जापुर में घरेलू कलह के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी 40 वर्षीय रामरुप पुत्र तुलाराम मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया जाता है कि रविवार रात किसी समय उसने कमरे में पंखे से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह जब स्वजन कमरे में पहुंचे तो रामरुप का शव फंदे से लटका मिला। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना गांव में तेजी से फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। बाद में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गया है। बच्चों और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक की आर्थिक स्थिति भी काफी कमजोर थी। परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसकी मौत के बाद छोटे बच्चों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया गया है। किसी तरह की कोई तहरीर नही मिली है।
