विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिना बताए बंद हो रहे LPG कनेक्शन: न सिलिंडर मिल रहा न PNG, रामपुर में हजारों उपभोक्ता परेशान

Published: Sat, 24 Oct 2026 11:14 PM (IST)

रामपुर में 1500 से अधिक एलपीजी कनेक्शन अचानक बंद हो गए हैं, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं क्योंकि उन्हें न तो ...और पढ़ें

गोदाम पर रखे सिलिंडर।

गोदाम पर रखे सिलिंडर।

HighLights

  1. परेशान उपभोक्ताओं में कई को नहीं मिले पीएनजी कनेक्शन

जागरण संवाददाता, रामपुर। जिले में अचानक रसोई गैस उपभोक्ताओं के कनेक्शन अपने आप ही बंद होने लगे हैं। चार गैस एजेंसियों प्रगति फ्लेम, राजेंद्र गैस, प्रिया इंटरप्राइजेज और समीर गैस एजेंसी के 12 दिन में 1500 से अधिक गैस कनेक्शन बंद हो गए हैं। इसकी जानकारी उपभोक्ताओं को गैस बुक कराने के दौरान हुई।

मोबाइल पर काल कर आनलाइन बुकिंग कराते समय उन्हें बताया गया कि उनका कनेक्शन ब्लाक हो गया है। अब उपभोक्ता रोजाना शिकायत लेकर एजेंसी पर पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा।

LPG Connections Infographic with Smiling Woman

एजेंसी पर बताया जा रहा है कि जिन मुहल्लों में पाइप लाइन गैस सप्लाई डाली जा रही है, वहां उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन अपने आप बंद किए जा रहे हैं।

कुछ उपभोक्ताओं का यह भी कहना है कि पाइप लाइन डाली गई है, लेकिन अभी उन्हें कनेक्शन नहीं दिया गया है। ऐसे में अब उन्हें न तो पाइप लाइन से गैस मिल पा रही है और न ही एजेंसी से सिलिंडर बुक हो रहा है।

शहर में चल रहा पीएनजी की लाइन

रसोई गैस में अभी तक एलपीजी (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) इस्तेमाल हाेती थी, लेकिन अब इसके विकल्प के तौर पर पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) भी उपलब्ध हो गई है। शहर में पीएनजी के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है।

करीब दो दर्जन मुहल्लों में पीएनजी के लिए पाइन लाइन बिछाकर सप्लाई भी चालू कर दी गई है। 3600 घरों में कनेक्शन भी कर दिए गए हैं। जिन घरों में पीएनजी कनेक्शन हो गए हैं, उन उपभोक्ताओं के एलपीजी कनेक्शन ब्लाक किए जा रहे हैं।

PNG Pipeline and Connection Statistics Infographic

उपभोक्ता जब शिकायत कर रहे हैं तो जिम्मेदार पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से जारी नियमों का हवाला देकर उपभोक्ताओं की पीड़ा को अनसुना कर रहे हैं।

नियम के अनुसार अगर आपके घर तक पीएनजी पहुंचाने की सुविधा मौजूद है और आप आवेदन नहीं करते हैं तो नोटिस जारी होने के ठीक तीन महीने बाद आपके पते पर एलपीजी की डिलीवरी रोक दी जाएगी।

इस आदेश में कई ऐसे उपभोक्ता भी पिस गए हैं, जिनके मुहल्ले में तो पीएनजी लाइन बिछ गई है, लेकिन अभी उन्हें पीएनजी कनेक्शन नहीं मिला है या वे किरायेदार हैं।

एजेंसी संचालकों को खरी-खोटी सुना रहे उपभोक्ता

प्रगति फ्लैम गैस एजेंसी के मैनेजर सत्य प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि हमारी प्रगति फ्लेम के नाम से एजेंसी है, जिस पर करीब 30 हजार एलपीजी कनेक्शन हैं। छह अक्टूबर से अब तक 643 उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लाक हो चुके हैं।

इनमें 150 ऐसे उपभोक्ता है, जिनके घर पर पीएनजी नहीं पहुंची है। एक कनेक्शन नूरमहल आवास विकास कालोनी में रहने वाले न्यायिक अधिकारी का भी बंद हुआ है। वह किरायेदार हैं। कनेक्शन बंद होने पर कई उपभोक्ता हमसे लड़ रहे हैं। खरी-खोरी सुना रहे हैं।

कनेक्शन बंद करने में एजेंसी की कोई भूमिका नहीं

राजेंद्र गैस एजेंसी के संचालक राजेंद्र कुमार ने बताया कि हमारी राजेंद्र गैस एजेंसी है, जिससे 14 हजार एलपीजी उपभोक्ता जुड़े हैं। पीएनजी की सप्लाई शुरू होने के बाद हमारे 467 उपभोक्ताओं के कनेकशन ब्लाक कर दिए गए हैं।

इनमें कई उपभोक्ताओं के एरिया में अभी पीएनजी की सप्लाई शुरू नहीं हुई है। वे दोबारा कनेक्शन चालू कराने के लिए आवेदन कर रहे हैं। उपभोक्ता इसके लिए एजेंसी को जिम्मेदार मान रहे हैं, जबकि एजेंसी की इसमें कोई भूमिका नहीं है।

उपभोक्ता को अपनी पसंद से उत्पाद खरीदने की स्वतंत्रता

एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के जिलाध्यक्ष अमित दिवाकर ने बताया कि एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के समक्ष एजेंसी संचालकों की समस्याओं को रखा गया है। इनमें कनेक्शन बंद होने की समस्या भी शामिल है।

गैस एजेंसियों का पक्ष है कि उपभोक्ताओं को अपनी पसंद से उत्पाद खरीदने की स्वतंत्रता होनी चाहिए। वितरकों को भी बिना दबाव के उचित और पारदर्शी मार्जिन मिलना चाहिए। इसके साथ ही नए एलपीजी कनेक्शन दोबारा जारी करने की मांग भी की गई है।

पीएनजी लेने के बाद सरेंडर करना होगा एलपीजी कनेक्शन

एचपी कंपनी के एरिया मैनेजर नीरज कुमार ने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता के घर पीएनजी नहीं पहुंची है और उसका एलपीजी कनेक्शन ब्लाक हो गया है तो वह कंपनी के टोल फ्री नंबर 18002700492/7409900090 पर संपर्क कर सकते हैं।

हमारी स्थानीय टीम से भी संपर्क कर सकते हैं। उनका कनेक्शन जुड़वा दिया जाएगा। हालांकि उन्हें पीएनजी कनेक्शन के लिए भी आवेदन करना अनिवार्य होगा।

यह भी पढ़ें- रामपुर में अखिलेश की एंट्री महज इत्तेफाक नहीं! 2027 चुनाव से पहले सपा के लिए क्यों जरूरी हुए आजम खान?