एक जिला एक कला योजना से रामपुर के चाकू उद्योग को नई धार, कारीगरों में जगी कारोबार बढ़ने की आस
सरकार की 'एक जिला एक कला योजना' से रामपुर के चाकू उद्योग में नई उम्मीद जगी है। कारीगरों को उम्मीद ...और पढ़ें

HighLights
सरकार 'एक जिला एक कला योजना' लाने की तैयारी में है।
रामपुर के चाकू उद्योग को नई धार, कारोबार बढ़ने की उम्मीद।
कारीगरों को हुनर संरक्षण और रोजगार के अवसर की आस।
जागरण संवाददाता, रामपुर। एक जिला एक उत्पाद ओडीओपी योजना की तर्ज पर सरकार अब एक जिला एक कला योजना लाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से इसके संकेत मिलने के बाद जिले में चाकू उद्योग से जुड़े कारीगरों और कारोबारियों में नई उम्मीद जगी है।
उन्हें लगता है कि इस पहल से रामपुर की पहचान चाकू बनाने की पारंपरिक कला को एक बार फिर नई धार मिल सकती है। सरकारी प्रोत्साहन और बेहतर बाजार उपलब्ध होने पर इस कला को न सिर्फ संरक्षित किया जा सकेगा, बल्कि इसे देश और दुनिया के बाजार तक पहुंचाने का रास्ता भी खुल सकता है।
हालांकि, रामपुर का चाकू उद्योग किसी परिचय का मोहताज नहीं है। वर्तमान में भले ही यह प्रसिद्ध उद्योग बाजार नसरुल्ला खां स्थित चाकू बाजार में चंद दुकानों और गिनती के कारीगरों तक सिमट कर रह गया हो, लेकिन यहां तैयार होने वाले चाकुओं ने लंबे समय तक जिले को अलग पहचान दिलाई है।
चाकू बनाने की यह कला पीढ़ी दर पीढ़ी कारीगरों तक पहुंचती रही है। इसमें कारीगरों की मेहनत, हुनर और बारीक कारीगरी का खास योगदान रहा है। समय के साथ बाजार की बदलती मांग, आधुनिक उत्पादों से प्रतिस्पर्धा और कारोबार की चुनौतियों ने इस पारंपरिक उद्योग के सामने मुश्किलें भी खड़ी की हैं। इसके बावजूद कुछ कारीगर और कारोबारी आज भी इस विरासत को बचाए रखने में जुटे हैं।
सरकार की ओर से ठोस प्रोत्साहन की जरूरत
ऐसे कारीगरों का मानना है कि केवल पारंपरिक हुनर के भरोसे इस कला को लंबे समय तक आगे बढ़ाना आसान नहीं है। इसके लिए सरकार की ओर से ठोस प्रोत्साहन की जरूरत है। यदि एक जिला एक कला योजना में रामपुर की चाकू निर्माण कला को शामिल किया जाता है तो कारीगरों को प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक, बेहतर डिजाइन, विपणन और उत्पादों की ब्रांडिंग जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं। इससे उनके उत्पादों को नए बाजार मिलने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
कारीगर सरकार की इस पहल को नई उम्मीद के रूप में देख हैं। चाकू निर्माण से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि नई योजना उनके हुनर को सम्मान देने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ा सकती है।
उनका कहना है कि समय रहते इस कला को संरक्षण और प्रोत्साहन मिला तो रामपुर का चाकू उद्योग फिर अपनी पुरानी पहचान हासिल कर सकता है। अब निगाहें सरकार की प्रस्तावित योजना और उसमें रामपुर की चाकू कला को मिलने वाली जगह पर टिकी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।