रामपुर में खनन माफिया का बड़ा खेल: ₹3.63 करोड़ का जुर्माना और 3.32 लाख घन मीटर मिट्टी गायब
रामपुर के भगवंत नगर में गावर कंपनी ने अनुमति समाप्त होने के बाद भी 3.32 लाख घन मीटर मिट्टी का ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
दो गाटा संख्या में शामिल आठ-नौ किसानों की मिलीभगत की भी आशंका
महीने भर में खोद डाले कई खेत, डीएम के संज्ञान में आने पर ही हुई कार्रवाई
जागरण संवाददाता, रामपुर। भगवंत नगर में गावर कंपनी ने 3.32 लाख घन मीटर मिट्टी का अवैध खनन किया है। महीने भर में कई खेतों से ढाई मीटर से अधिक गहराई तक मिट्टी खोदी गई। अवैध खनन के साथ ओवरलोडिंग भी की गई। इसके बावजूद सारे जिम्मेदार सोते रहे। डीएम को भनक लगने के बाद ही कंपनी के खिलाफ कार्रवाई हुई।
एनएचएआइ के हाईवे निर्माण के लिए मिट्टी आपूर्ति करा रही गावर रुद्रपुर हाइवे प्राइवेट लिमिटेड कंपनी 25 दिसंबर को खनन विभाग से मिली अनुमति समाप्त होने के बाद भी भगवंतनगर में लगातार अवैध खनन करती रही। यहां स्थित दो गाटा संख्या में 3.32 लाख घन मीटर का अवैध खननं कर डाला।
ओवरलोड वाहनों के जरिये मिट्टी और रेत ढोई गई। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर किसी कर्मचारी व अधिकारी को भनक नहीं लगी। मसवासी में हादसे में बच्चे की मौत के बाद अगर डीएम ने खनन वाहनों की जांच न कराई होती तो आगे भी अवैध खनन जारी रहता। जिन किसानों के खेत से खनन हुआ उन्होंने कहीं भी इसकी शिकायत दर्ज नहीं कराई।
इससे माना जा रहा है कि उनकी मिलीभगत से ही अवैध खनन हो रहा था। खनन की अनुमति में भी सिर्फ एक मीटर गहराई तक खोदाई करने का प्रविधान है मगर अवैध खनन के दौरान ढाई मीटर तक खोदाई की गई। प्रशासन की ओर से कराई गई प्राथमिकी में गांवर कंपनी के साथ ही अज्ञात को भी शामिल किया गया है।
विवेचना में अगर किसानों की संलिप्तता मिली तो उन्हें भी नामजद किया जाएगा। डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रकरण में गहराई से जांच कराई जा रही है। जो लोग भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
3.63 करोड़ के जुर्माने से कंपनी में खलबली
3.63 करोड़ के जुर्माने से गावर कंपनी प्रबंधन में खलबली मची है। कंपनी के लायजनिंग आफिसर शिवम सिंह ने बताया कि कंपनी का बिना पक्ष लिए ही एकतरफा कार्रवाई की है। कहा कि उन्होंने 25 दिसंबर को अनुमति समाप्त होने के बाद अगली अनुमति के लिए आवेदन किया था मगर खनन विभाग के अधिकारी उसे दबाए रहे। कहा कि जो वाहन पकड़े गए उनसे उनका लेनादेना नही है, प्राथमिकी भी गलत दर्ज कराई गई।
ये हुई थी कार्रवाई
डीएम के आदेश पर गठित टीम ने गुरुवार को स्वार के भगवंतनगर क्षेत्र से दो ओवरलोड वाहन और छह अन्य डंपरों को सीज कर राणा शुगर मिल, स्वार परिसर में खड़ा करा दिया था।
डीएम के आदेश पर कंपनी के विरुद्ध 3.63 करोड़ का जुर्माना लगाने के साथ ही खान निरीक्षक की ओर से स्वार कोतवाली में मैसर्स गावर रुद्रपुर हाइवे प्राइवेट लिमिटेड कंपनी व पोकलेन मशीन व डंपरों के अज्ञात स्वामियों के खिलाफ बालू व मिट्टी का अवैध खनन करने की धाराओं में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।
ड्यूटी के प्रति लापरवाही पाये जाने पर लेखपाल सचिन सक्सेना व कानूनगो अजय सागर को निलंबित कर दिया गया था। खान निरीक्षक अजय से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है।
यह भी पढ़ें- रामपुर नवाब स्टेशन विवाद: 5 बड़ी बातें जो आपको जाननी चाहिए, क्यों आमने-सामने हैं नवाब परिवार और प्रशासन
