LPG उपभोक्ता ध्यान दें! 30 सितंबर तक नहीं किया ये काम, तो डबल कीमत पर खरीदना पड़ेगा सिलिंडर
सरकार ने गैस कनेक्शनधारकों को आधार सत्यापन (ई-केवाईसी) के लिए 30 सितंबर तक अंतिम मौका दिया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
30 सितंबर तक आधार सत्यापन (ई-केवाईसी) कराने का अंतिम मौका।
1 अक्टूबर से सब्सिडी नहीं, सिलेंडर बाजार दर पर मिलेगा।
रामपुर में लगभग एक लाख उपभोक्ताओं ने अभी तक नहीं कराया सत्यापन।
जागरण संवाददाता, रामपुर। जिन गैस कनेक्शनधारकों ने अभी तक आधार सत्यापन (ई-केवाइसी) नही कराई है, उनके लिए सरकार ने आखिरी मौका दिया है। 30 सितंबर तक आधार सत्यापन कराने का समय दिया है। इसके बाद सत्यापन न कराने वाले उपभोक्ताओं को पहली अक्टूबर से घरेलू गैस सिलिंडर लेने के लिए दोगुणी कीमत चुकानी पड़ सकती है। जिले में करीब एक लाख उपभोक्ताओं ने आधार सत्यापन नहीं कराया है।
जिले में 6,47,291 गैस कनेक्शन हैं। इनमें 252620 कनेक्शन उज्ज्वला योजना के हैं, जबकि 394408 कनेक्शन सामान्य हैं। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों की 44 एजेंसियों के जरिए इन उपभोक्ताओं को एलपीजी की सप्लाई की जा रही है।
भारत सरकार ने बैंक खातों से लेकर राशन कार्ड और गैस कनेक्शन सभी की ई-केवाईसी को अनिवार्य कर दिया है। हालांकि इसे लेकर उपभोक्ता ढिलाई कर रहे हैं। यही वजह है कि जिले में अभी तक 539508 एलपीजी उपभोक्ताओं ने ही ई-केवाईसी कराई है। 107783 उपभोक्ता ई-केवाईसी कराने गैस एजेंसियों पर नहीं पहुंचे हैं।
सरकार ने कई बार कनेक्शनधारकों को अवसर दिया कि वे आधार सत्यान करा लें। सख्ती करते हुए आधार सत्यापन न कराने पर गैस बुकिंग बंद कर दी गई। अब सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि 30 सितंबर तक आधार सत्यापन नहीं कराने पर कनेक्शनधारकों को सिलिंडर तो मिलेगा, लेकिन सब्सिडी नहीं दी जाएगी।
उन्हें मार्केट रेट पर सिलिंडर दिया जाएगा। राजेंद्र गैस एजेंसी संचालक राजेंद्र कुमार ने बताया कि मार्केट रेट वाला 14 किलो का सिलिंडर 1600 से 1700 रुपये का है। लोगों से अपील है कि जिन्होंने आधार सत्यापन नहीं कराया है, वे तुरंत करा लें।
ऐसे करें आधार सत्यापन
आधार कार्ड, गैस पासबुक और पंजीकृत मोबाइल नंबर साथ लेकर अपनी गैस एजेंसी पर जाएं। एजेंसी पर उपलब्ध बायोमेट्रिक मशीन (फिंगरप्रिंट स्कैनर) पर अंगुली रखकर आप अपना सत्यापन कराएं। इस तरह ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक कंपनी ने अपना एप भी बनाया है। इस एप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें। साथ में आधार फेस रीड एप्लीकेशन डाउनलोड करके घर बैठे भी ई-केवाइसी करा सकते हैं।
