रामपुर में अनोखा मामला: दामाद की हरकतों से तंग आकर ससुर ने रद्द कराई जमानत, भिजवाया जेल
रामपुर में एक ससुर ने अपने दामाद की जमानत रद्द करवाकर उसे जेल भिजवा दिया, क्योंकि दामाद गोकशी और गैंगस्टर ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
केमरी थाना क्षेत्र का मामला, आठ साल से जमानत पर बाहर था दामाद, गोकशी और गैंगस्टर के दर्ज हैं मुकदमे
जागरण संवाददाता, रामपुर। ससुर ने हिस्ट्रीशीटर दामाद की जमानत वापस ले ली और उसे जेल भिजवा दिया। ससुर का कहना है कि दामाद के खिलाफ गोकशी के पहले से कई मुकदमे हैं। वह दोबारा गोकशी की घटनाएं कर सकता है। ऐसे में उसका जेल जाना जरूरी है। यह मामला थाना केमरी का है।
सोमवार को थाने में बिलासपुर कोतवाली के पिपलिया गांव के हनीफ पहुंचे। केमरी थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह को बताया कि उनका दामाद शकील आपके थाना क्षेत्र के मुहल्ला गोढ़ी में रहता है।
वह पहले गोवंशीय पशुओं को मांस की बिक्री के लिए मारता था। अब आशंका है कि वह फिर से आपराधिक कृत्य कर सकता है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में केमरी थाने में दर्ज गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वह जमानत पर बाहर है।
इस मुकदमे में उन्होंने न्यायालय में उसकी जमानत ली थी। अब वह जमानत तुड़वाना चाहते हैं। इस पर थाना प्रभारी ने उन्हें न्यायालय में पेश कराया, जहां ससुर ने दामाद की जमानत तुड़वाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया।
न्यायालय ने प्रार्थना पत्र मंजूर करते हुए उन्हें जमानत की शर्तों से मुक्त कर दिया और शकील को उसी मुकदमे में जेल भेज दिया। दामाद की जमानत तुड़वाने का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
केमरी थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शकील के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट आदि धाराएं हैं। इसके अलावा उसकी थाने में हिस्ट्रीशीट भी खुली है।
यह भी पढ़ें- जनगणना में न छूटे कोई परिवार: 16 नवंबर से मिलेगी स्व-गणना की सुविधा, CDO रामपुर ने दिए कड़े निर्देश
