विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामपुर में आपदा प्रभावित 5650 किसानों को मिले 4.07 करोड़ रुपये, खाते में भेजी गई धनराशि

Published: Sun, 18 Oct 2026 02:56 PM (IST)

रामपुर जिले में सितंबर और अक्टूबर में हुई अतिवृष्टि व ओलावृष्टि से प्रभावित 5650 किसानों को अब तक 4.07 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता मिली है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. रामपुर में 5650 किसानों को 4.07 करोड़ रुपये की सहायता।

  2. हाल की ओलावृष्टि से 1298 किसानों को 1.52 करोड़ मिले।

  3. 2333 हेक्टेयर से अधिक प्रभावित कृषि क्षेत्र को राहत।

जागरण संवाददाता, रामपुर। सितंबर व अक्टूबर में अतिवृष्टि व ओलावृष्टि आपदा से फसलों को हुए नुकसान के बाद जिले के 5650 किसानों को अब तक 4.07 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी गई है। इसमें हाल में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित 1298 किसानों को 1.52 करोड़ रुपये की राहत राशि मिली है। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित किसानों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया लगातार जारी है।

अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को कुल 1,52,09,114 रुपये का भुगतान किया गया है। इससे 801.41 हेक्टेयर से अधिक प्रभावित क्षेत्र को राहत मिली है।

वहीं, इससे पहले फसल क्षति के कारण प्रभावित 4352 किसानों को 2,55,20,263 रुपये की सहायता दी जा चुकी है। इस श्रेणी में करीब 1532.54 हेक्टेयर क्षेत्र की फसल क्षति शामिल है।

इस तरह जिले में अब तक कुल 4,07,29,377 रुपये की सहायता राशि किसानों तक पहुंचाई गई है। इसके दायरे में लगभग 2333.96 हेक्टेयर प्रभावित कृषि क्षेत्र शामिल है।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर राजस्व और संबंधित विभागों की टीमें फसल क्षति का आकलन कर रही हैं। पात्र किसानों को नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई जारी है।

प्रशासन का लक्ष्य है कि आपदा से प्रभावित किसानों को बिना अनावश्यक देरी के आर्थिक सहायता मिल सके। उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

यह भी पढ़ें- संभल के चंदौसी चौराहे की जल्द बदलेगी सूरत, 62 लाख से होगा कायाकल्प