DM की एक पहल से बची दो मासूमों की जान: जनता दर्शन में रामपुर के दो परिवारों को मिली 2-2 लाख की मदद
रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने जनता दर्शन में दो गंभीर रूप से बीमार बच्चों के इलाज के लिए ...और पढ़ें

गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्ची के इलाज के लिए महिला को चेक देते डीएम अजय कुमार द्विवेदी। जागरण
HighLights
जनता दर्शन में मिला चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड बना स्वजन की ढाल
जागरण संवाददाता, रामपुर। गंभीर और असाध्य रोगों से जूझ रहे दो मासूम बच्चों के इलाज में आड़े आ रही तंगहाली को देखते हुए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने मौके पर ही चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद स्वीकृत कर स्वजन को चेक सौंपे।
यह चेक कलक्ट्रेट सभागार में जनता दर्शन में दिए गए। दो लाख रुपये की इस वित्तीय मदद ने मुरादाबाद और बरेली के अस्पतालों में जिंदगी की जंग लड़ रहे बच्चों के स्वजन की उम्मीदों को नया संबल दिया है।
तहसील मिलक निवासी चांदनी गुप्ता की 10 वर्षीय पुत्री धेरवी जन्म से ही गंभीर बीमारी से जूझ रही है। जिसका जटिल उपचार मेडेसिया अस्पताल, मुरादाबाद में चल रहा है। स्वजन पहले ही अपनी सारी जमा-पूंजी इलाज में लगा चुका था।
इससे पहले भी बच्ची के ऑपरेशन के लिए जिलाधिकारी ने चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड से 1.25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई थी। जनता दर्शन में पहुंची मां ने जब बच्ची के अंतिम और निर्णायक ऑपरेशन के लिए दोबारा गुहार लगाई।
इस पर जिलाधिकारी ने एक लाख रुपये का अतिरिक्त चेक जारी कर दिया। इसी तरह तहसील सदर के ग्राम बकैनिया निवासी किरन पाल के नवजात बेटे को जन्म से ही गंभीर हृदय रोग ने घेर रखा है।
शिशु का नाजुक इलाज डॉ. रवि खन्ना न्यू बॉर्न चाइल्ड एंड क्रिटिकल केयर सेंटर, बरेली में चल रहा है। पिता ने इलाज का भारी खर्च उठाने में असमर्थता जताते हुए जनता दर्शन में फरियाद की थी।
डीएम ने सत्यापन में परिवार की दयनीय आर्थिक स्थिति की पुष्टि होते ही डीएम ने किरन पाल को कलेक्ट्रेट बुलाकर एक लाख रुपये का चेक सौंपा।
बांदूराम के सपनों को मिले पहिए
तहसील सदर के ग्राम भण्डपुरा निवासी दिव्यांग बांदूराम के लिए शारीरिक अक्षमता अब तक एक बड़ी बेड़ी बनी हुई थी। जिलाधिकारी ने उनकी पीड़ा को सुनकर उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल भेंट की। अब तक दूसरों पर निर्भर रहने को मजबूर बांदूराम अपना खुद का वाहन पाकर गदगद नजर आए।
जरूरतमंद बच्चों के इलाज का संबल बना चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि जनपद में संचालित चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड गंभीर बीमारियों से पीड़ित निर्धन परिवारों के लिए सशक्त माध्यम है।
इसका मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष तक की आयु के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को गंभीर बीमारी की दशा में समय पर समुचित चिकित्सा उपलब्ध कराना है, ताकि धन के अभाव में किसी मासूम का इलाज न रुके।
