मोदीपुर की रामलीला में हुआ ताड़का वध
मोदीपुर की रामलीला में हुआ ताड़का वध
जागरण संवाददाता, रामपुर : मोदीपुर में चल रही रामलीला में बृहस्पतिवार को मंचन के दूसरे दिन वृंदावन के कलाकारों द्वारा विश्वामित्र आगमन, ताड़का वध, सुबाहु वध का मंचन किया गया।
मोदीपुर में चल रही रामलीला में सर्वप्रथम रामलीला के पात्रों की आरती की गई। इसके बाद वृंदावन के कलकारों ने रामलीला मंचन ऋषि विश्वामित्र के आगमन से प्रारंभ किया। ऋषि विश्वामित्र ने वन को राक्षसों से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से राजा दशरथ से उनके पुत्र राम, लखन को वन में उनके साथ भेजने के लिए कहा।
इस पर राजा दशरथ अपने प्रिय पुत्रों को वन में भेजने से कुछ ठिठके, मगर उन्होंने ऋषि विश्वामित्र के आदेश का पालन करते हुए अपने दोनों पुत्र राम और लखन को विश्वामित्र के साथ राक्षसों का वध करने के लिए वन में भेज दिया। वन में श्री राम ने ताड़का, सुबाहु आदि राक्षसों का वध किया। इस दौरान सभी ने जमकर जय श्री राम के जयकारे लगाए, जिससे आसपास का वातावरण भक्तिमय हो गया। इस दौरान व्यास जी ने कहा कि हर मानव का धर्म है कि वह सत्य और कर्तव्य का पालन करे। सभी से भगवान श्री राम के आदर्शों को अपनाने को कहा।
अंत में डायरेक्टर एवं प्रधानाचार्या डॉ.सुमन तोमर ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान रामलीला के आसपास लगे मेले में खाने-पीने की चीजों के अलावा बच्चों के झूलने के लिए झूले भी लगे थे। बच्चों ने झूलों का जमकर आनंद लिया।