जिले में लक्ष्य से ज्यादा हुई धान खरीद, 31 तक खुले रहेंगे पांच केंद्र
रामपुर जिले में तमाम शिकायतों के बावजूद इस साल धान खरीद बम्पर हुई है।
रामपुर : जिले में तमाम शिकायतों के बावजूद इस साल धान खरीद बम्पर हुई है। लक्ष्य का 120 फीसद धान खरीदा जा चुका है। हालांकि अब क्रय केंद्रों पर धान नहीं आ रहा है। इसके चलते 138 क्रय केंद्र बंद कर दिए गए हैं। खरीद 31 जनवरी तक होनी है, इसके लिए सिर्फ पांच केंद्र ही चालू रखे गए हैं। शासन के निर्देश पर प्रदेश भर में पहली अक्टूबर से धान खरीद शुरू हुई थी। तब खरीद के लिए लक्ष्य नहीं मिला था। शुरुआत में खरीद की स्थिति बहुत धीमी रही और खरीद में अनियमितताओं की शिकायतें भी हुई। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने खुद भी केंद्रों पर किसान बनकर दलालों को पकड़वाया। इसके बाद सभी उप जिलाधिकारी भी सक्रिय हो गए। खरीद में धांधली करने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए। इसका परिणाम यह रहा कि धान खरीद में पारदर्शिता आने लगी और खरीद भी तेज हो गई। दिसंबर माह में ही धान खरीद का लक्ष्य पूरा हो गया। इसके चलते ज्यादातर क्रय केंद्र बंद कर दिए गए। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनुपम निगम बताते हैं कि जिले को 2.40 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य मिला था, जिसे हमने 10 दिसंबर तक पूरा कर लिया था। 14 दिसंबर तक 2.49 लाख मीट्रिक टन खरीद की जा चुकी थी। खरीद का समय 31 जनवरी तक है और अब ज्यादातर किसान अपना धान बेच चुके हैं। इसके बाद भी यदि कोई किसान धान बेचने से रह गया है तो वह 31 जनवरी तक आ सकता है। हमारे पांच क्रय केंद्र मंडी समितियों में अब भी खुले हैं। इनमें दो बिलासपुर मंडी में हैं, जबकि एक-एक स्वार, मिलक और शाहबाद मंडी में चल रहा है। अब तक जिले में 2.88 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है, जो लक्ष्य का 120 फीसद है। 95 फीसद भुगतान भी किया जा चुका है।