रामपुर में नामांकन आज से, 11 हजार वोटर नहीं डाल पाएंगे वोट, जानिए क्या है वजह Rampur News
प्रशासन ने इन संदिग्ध मतदाताओं के वोट डालने पर भी पाबंदी लगा दी है। ये लोग छानबीन के बाद ही वोट डाल सकेंगे।
रामपुर, जेएनएन। शहर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा के बाद अब सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस बार क्षेत्र के 11 हजार वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाएंगे। प्रशासन ने इन संदिग्ध मतदाताओं के वोट डालने पर भी पाबंदी लगा दी है। ये लोग छानबीन के बाद ही वोट डाल सकेंगे। वोटर लिस्ट में इनके नाम के आगे एएसडी (एबसेंट, शिफ्ट, डेथ) लिखा जा रहा है।
जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार ङ्क्षसह ने बताया कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,90,725 मतदाता हैं। इनमें 2,11,536 पुरुष और 1,79,158 महिला वोटर हैं। 31 अन्य मतदाता हैं, जबकि जनसंख्या लगभग 5,54,580 है। यहां जनसंख्या के अनुपात में 70.45 फीसद मतदाता हैं, जबकि मानक के हिसाब से करीब 62 होने चाहिए। इस समय मतदाता पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। इसके तहत नए वोटर बनाने के साथ ही ऐसे मतदाताओं का भी पता लगाया जा रहा है, जो फर्जी हैैं।
अब तक करीब 11 हजार संदिग्ध मतदाता मिले हैं, जो या तो अपने स्थान पर उपलब्ध नहीं हैं या शिफ्ट हो चुके हैं या उनकी मृत्यु हो चुकी है। इनमें कुछ वोटर ऐसे भी हैं जो डबल हैं। इन सभी मतदाताओं के नाम के आगे वोटर लिस्ट में एएसडी लिखा जा रहा है। अगर ऐसे मतदाता के नाम से कोई वोट डालने जाएगा तो उसकी पूरी छानबीन होगी। अगर कोई फर्जी व्यक्ति वोट डालने की कोशिश करेगा तो उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा, उसे तीन साल की सजा भी हो सकती है। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण अभियान 30 सितंबर तक चलेगा और इस दौरान संदिग्ध मतदाताओं की संख्या बढ़कर 20 हजार तक पहुंच सकती है। विधानसभा क्षेत्र में सर्विस मतदाताओं की संख्या 284 है, इनमें 272 पुरुष और 12 महिलाएं हैं।