हैप्पी बर्थडे मुंबई एक्सप्रेस! लालकुआं-बांद्रा टर्मिनस ट्रेन ने बॉम्बे जाने वालों की राह कर दी आसान
लालकुआं-बांद्रा टर्मिनस मुंबई एक्सप्रेस ने 21 अक्टूबर को अपनी सेवा के दो साल पूरे कर लिए हैं।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
लालकुआं-बांद्रा टर्मिनस मुंबई एक्सप्रेस ने दो साल पूरे किए।
रामपुर से मुंबई की सीधी यात्रा हुई आसान।
यात्री ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने की कर रहे मांग।
जागरण संवाददाता, रामपुर। लालकुआं (उत्तराखंड) से मुंबई के बांद्रा टर्मिनस तक चलने वाली मुंबई एक्सप्रेस को 21 अक्टूबर को दो साल हो जाएंगे। इससे पहले रामपुर या आसपास के जिलों से मुंबई तक कोई सीधी ट्रेन नहीं थी।
रामपुर से सुबह 09:20 बजे रवाना होने वाली इस ट्रेन में पहले दिन रामपुर के 40 लोगों ने सफर किया था। ट्रेन की वापसी का निर्धारित समय बुधवार को 11.48 बजे है।
मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़ में भी स्टापेज है। पहले इन जिलों के लोगों को मुंबई जाने के लिए दिल्ली या अन्य शहरों की ओर रुख करना पड़ता था। पिछले दो साल में इस ट्रेन से रामपुर के करीब छह हजार लोगों ने यात्रा की है। यात्री सप्ताह में एक दिन चलने वाली ट्रेन को दो या तीन दिन करवाना चाहते हैं।
यात्रियों की बात-
मिलक के ग्राम रौरा कला निवासी आसिफ खां का कहना है कि वह मुंबई नौकरी करते हैं। पहले दिल्ली से ट्रेन पकड़नी पड़ती थी, लेकिन अब अपने शहर से सीधे मुंबई की ट्रेन सेवा उपलब्ध है। रेलवे सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन कर दे तो अच्छा होगा।
मुहल्ला छिपियान निवासी फरमान बताते हैं कि रामपुर से ऐसे बहुत लोग हैं, जो मुंबई मजदूरी करने जाते हैं। वह भी मुंबई में मजदूरी करते हैं। स्लीपर का किराया बहुत कम है। एक ही ट्रेन होने से अक्सर वेटिंग रहती है। तब जनरल का टिकट लेकर यात्रा करना पड़ती हैं।
कोटा जाने वाले विद्यार्थियों को भी मिल रही सुविधा
मुख्य टिकट निरीक्षक गोविंद सिंह जनी बताते हैं कि इस ट्रेन का जो रूट तय है, उससे शहर के अलावा दूसरे जिले के लोगों को बहुत फायदा मिल रहा है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए हजारों बच्चे कोटा जाते हैं। यह ट्रेन कोटा भी जाती है। इसके अलावा गाजियाबाद, निजामुद्दीन दिल्ली, भरतपुर, रतलाम, वडोदरा और सूरत जाने के लिए लोग ट्रेन का लाभ ले रहे हैं।
