नरेंद्र मोदी के नाम व काम पर लड़ा जाएगा 2019 का चुनाव : मुख्तार अब्बास नकवी
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि पिछला चुनाव नरेंद्र मोदी के नाम पर लड़ा गया था, लेकिन इस बार का चुनाव उनके नाम तथा काम पर लड़ा जाएगा।
रामपुर (जेएनएन)। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को भरोसा है कि भारतीय जनता पार्टी गठबंधन 2019 का लोकसभा चुनाव भी बड़े बहुमत के साथ जीतेगा। रामपुर में आज उन्होंने कहा कि पिछला चुनाव नरेंद्र मोदी के नाम पर लड़ा गया था, लेकिन इस बार का चुनाव उनके नाम तथा काम पर लड़ा जाएगा।
केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण तथा संसदीय कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी आज रामपुर में भारतीय जनता पार्टी के संगठन तथा कार्यकर्ता सम्मेलन में पधारे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछला लोकसभा चुनाव नरेंद्र मोदी के नाम पर लड़ा था । इस बार नरेंद्र मोदी के नाम और काम पर चुनाव लड़ा जाएगा। नरेंद्र मोदी राज में ऐसे काम हुए हैं जो पिछली किसी सरकार ने नहीं कराए। देश आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है। दुनिया में देश की साख बढी है। विपक्ष के दर्जनभर दावेदार हैं, जबकि भाजपा से सिर्फ और सिर्फ नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद के दावेदार है और फिर प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की, जिसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। वह विकास भवन में अधिकारियों की बैठक में भी पहुंचे और विकास कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने विकास कार्य को समय से पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। नकवी ने कहा कि आम आदमी की समस्या का शीघ्रता से निस्तारण किया जाए।
सांप्रदायिक सोच के लिए भी चलाएं स्वच्छता अभियान
फिल्म अभिनेता रजा मुराद ने कहा कि स्वच्छता अभियान चलाना अच्छी बात है। गंदगी कम होती है। बीमारियां भागती हैं। लोगों के दिमाग में जो सांप्रदायिक सोच है, उसे भी साफ किया जाए। मीडिया से बात कर रहे थे। राजनीति में आने के सवाल पर कहा कि अभी उनका राजनीति में आने का कोई विचार नहीं है, लेकिन लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों का प्रचार जरूर करूंगा। प्रचार किस पार्टी या उम्मीदवार का होगा, यह अभी तय नहीं है। रजा मुराद रामपुर के ही निवासी हैं। उन्होंने कहा कि यहां की अवाम से बहुत प्यार करते हैं। उनके पिता मुराद साहब ने फिल्मों के माध्यम से रामपुर का नाम दुनिया में रोशन किया है, लेकिन यहां उनके नाम की एक भी सड़क नहीं है।