गोवन कालोनी में तेंदुए की धमक, दहशत में लोग
रामपुर अभी तक जंगलों से सटे गांवों में तेंदुए देखे जाने के कई मामले सामने आए हैं।
रामपुर : अभी तक जंगलों से सटे गांवों में तेंदुए देखे जाने के कई मामले सामने आए हैं, लेकिन यह जंगली जानवर अब शहर में रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की गोवन कालोनी में लोगों ने तेंदुआ देखे जाने का दावा किया है। इसे लेकर लोगों में दहशत का माहौल है। इस कालोनी में बंद पड़ी चीनी मिल के मकान हैं। इनमें ज्यादातर खाली हैं। वहां झाड़ियां उग आई हैं।
कालोनी के रहने वाले कुछ लोग बुधवार रात दस बजे कार से जा रहे थे। कार की लाइट की रोशनी में झाड़ियों में तेंदुआ दिखाई दिया। इसके बाद कालोनी में तेंदुए का शोर मच गया। लोग लाठी-डंडे और टार्च लेकर तलाश करने निकले। वह रात में दोबारा नहीं दिखा। कालोनी निवासी रिषी भाटिया ने बताया कि इस संबंध में पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई। डीएम के वाट्सएप एकाउंट पर भी इसकी जानकारी अपलोड की। उधर, डीएफओ एके कश्यप ने बताया कि तेंदुए देखे जाने की जानकारी मिली थी। इस पर गुरुवार को टीम भेजी। वहां कीचड़ में लोगों ने तेंदुआ बताते हुए जो पैरों के निशान दिखाए, उनकी जांच की। निशान तेंदुए के पंजे के नहीं लग रहे हैं। जंगली बिल्ली हो सकती है। हालांकि कालोनी के लोगों को टीम के सदस्यों ने अपने मोबाइल नंबर दिए हैं। दोबारा तेंदुआ दिखने पर कॉल करने को कहा है। कॉल आने पर टीम को तुरंत जाने के निर्देश दिए हैं।