कोहरे से बढ़ी ठंड, लोगों ने अलाव जलाकर तापे हाथ
जागरण संवाददाता, रामपुर : ठंड के साथ मंगलवार को भी पूरे दिन कोहरा छाया रहा। बच्चे सुबह
जागरण संवाददाता, रामपुर : ठंड के साथ मंगलवार को भी पूरे दिन कोहरा छाया रहा। बच्चे सुबह कोहरे में ठिठुरते हुए स्कूल गए। वहीं सभी लोग पूरे दिन गर्म कपड़ों में लिपटे दिखाई दिए। चौराहों व दुकानों पर अलाव जलाकर लोग तापते नजर आए।
ठंड के साथ कोहरे ने एक बार फिर से दस्तक दे दी है। सुबह से लेकर पूरे दिन कोहरा रहा। धूप के दर्शन नहीं हुए। इससे जन-जीवन अस्त व्यस्त रहा। सुबह के समय कोहरे में बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल गए। वहीं कोहरे के कारण दिन में भी वाहन लाइट जलाकर गुजरे। पूरे दिन कोहरे के कारण सूरज ने भी दर्शन नहीं दिए। इससे ठंड बढ़ गई। लोगों ने अलाव जलाकर हाथ तापे वहीं शाम होते ही लोग जल्दी ही घरों में चले गए। जिन लोगों को कोई जरूरी काम था वह ही शाम के बाद सड़कों पर दिखाई दिए। वह भी अपने आप को पूरी तरह से गर्म कपड़ों में जैकेट, टोपा, मफलर, दस्ताने आदि से लपेटकर ही बाहर निकले। इस दौरान लोगों ने जमकर गर्म कपड़ों की खरीदारी की। गर्म कपड़ों की दुकान पर पूरे दिन भीड़ लगी रही। इनमें लोगों ने गर्म मौजे, इनर, जैकेट, टोपा, मफलर आदि खरीदे। वहीं रजाई भरवाने वालों की भी दुकानों पर भीड़ लगी रही।