वार्षिकोत्सव में बच्चों की प्रस्तुति ने मन मोहा
वार्षिकोत्सव में बचों की प्रस्तुति ने मन मोहा
जागरण संवाददाता, रामपुर : किडजी खंडेलवाल पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव कोसी मार्ग स्थित विवाह मंडप में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियां ऐसी थीं कि दर्शकों के दिलों में उतरती चली गईं। हर प्रस्तुति को सब की भरपूर सराहना मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। उसके बाद गणेश वंदना, फिर शिव स्तुति की गई। तत्पश्चात छात्राओं ने स्वागत गीत गाया। अब बारी थी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की। बारी-बारी से नन्हे-मुन्ने मंच पर आकर अपनी प्रस्तुतियां देते रहे। रंग-बिरंगे परिधानों में सुसज्जित नौनिहालों द्वारा नृत्य व लघु नाटिका आदि कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उनके माध्यम से उन्होंने दर्शकों तक कई महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाए। महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में प्रस्तुत कार्यक्रम को विशेष रूप से काफी सराहा गया। उसके बाद बच्चों ने बॉलीवुड गीतों पर डांस किया। प्लास्टिक का उपयोग न करने, पेड़ों को बचाने, बच्चों में मोबाइल के बढ़ते प्रचलन आदि मुद्दों को उन्होंने अपने कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदर्शित किया। तदुपरांत ग्रुप डांस, फिर सेना को समर्पित प्रस्तुति दी गई। इसके बाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में अभिभावकों को बच्चों की मनोदशा को समझने को लेकर महत्वपूर्ण टिप्स प्रदान किए। प्रधानाचार्य सीमा जैन ने सबका आभार व्यक्त किया। संचालन नेहा जैन खंडेलवाल द्वारा किया गया। शोभित जैन खंडेलवाल, जसलीन व अफसर आदि रहे।