विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौहर यूनिवर्सिटी केस में ईडी का बड़ा एक्शन: अब्दुल्ला आजम के दोस्त हिरासत में, 'A&S' फर्म पर कसा शिकंजा

Published: Thu, 20 Aug 2026 12:16 PM (GMT+05:30)

ईडी ने जौहर यूनिवर्सिटी में सरकारी धन के दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच में बड़ी कार्रवाई की ...और पढ़ें

सिविल लाइंस आवास विकास कॉलोनी में आजम खान के करीबी आरके जैन के आवास पर छापेमारी के दौरान खड़ी ईडी की कार। जागरण

सिविल लाइंस आवास विकास कॉलोनी में आजम खान के करीबी आरके जैन के आवास पर छापेमारी के दौरान खड़ी ईडी की कार। जागरण

HighLights

  1. ईडी ने जौहर यूनिवर्सिटी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई की।

  2. अब्दुल्ला आजम के दोस्त सालिम को ईडी ने हिरासत में लिया।

  3. ए एंड एस फर्म पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप।

जागरण संवाददाता, रामपुर। आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी में सरकारी धन के दुरुपयोग व मनी लान्ड्रिंग के आरोपों की जांच करने आई ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की रडार पर वे सभी फर्म आ गई हैं, जिन्होंने यूनिवर्सिटी के निर्माण में ठेकेदारी की है। इनमें आजम खान के बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला के दोस्तों अनवार और सालिम की ए एंड एस फर्म भी शामिल है। ईडी ने दोनों दोस्तों के घर पर भी जाकर जांच की और वहां से यूनिवर्सिटी निर्माण कार्य से संबंधित वित्तीय लेनदेन के रिकार्ड कब्जे में लिए हैं। देर शाम ईडी की टीम ने सालिम को हिरासत में भी ले लिया।

अनवार और सालिम अब्दुल्ला के बेहद करीबी माने जाते हैं। आजम खान और अब्दुल्ला वर्तमान में जेल में हैं। इस बुरे समय में भी दोनों आजम खान के परिवार का ध्यान रख रहे हैं। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव जब आजम खां के घर उनकी पत्नी से मिलने आए थे, तब भी वहां चंद लोगों में अब्दुल्ला के दोनों दोस्त मौजूद थे। ये दोनों पहली बार वर्ष 2022 में चर्चा में आए थे।

सितंबर 2022 उनका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था, जिसमें वे कथित तौर पर जुआ खेलते नजर आए थे। इसके तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान इनकी निशानदेही पर जौहर यूनिवर्सिटी परिसर में पालिका की चोरी सफाई मशीन की बरामदगी हुई थी। मशीन को टुकड़ों में काटकर गड्ढा करके दबाया गया था। इसके बाद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी दर्ज किया था।

गैंगस्टर एक्ट में वांछित होने पर दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित हुआ और अप्रैल 2023 में उन्हें फिर से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से दोनों पर कई मुकदमे दर्ज किए गए। जनवरी 2024 में बेनजीरपुरा घाटमपुर गांव में कोसी नदी के डूब क्षेत्र की जमीन पर अवैध रूप से आवासीय प्लाटिंग करने और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के आरोप में अब्दुल्ला और उनके दोनों दोस्तों पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।

वर्तमान में दोनों दोस्त सभी मुकदमों में जमानत पर बाहर हैं। अब्दुल्ला की मेहरबानी से उनकी फर्म को जौहर यूनिवर्सिटी समेत कई अन्य बड़े काम दिए गए। जौहर यूनिवर्सिटी और अन्य परियोजनाओं के निर्माण में सरकारी धन के दुरुपयोग तथा मनी लान्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रही ईडी आजम खान के साथ-साथ उनके करीबी निजी ठेकेदारों और सहयोगियों पर शिकंजा कस रही है।

ईडी का अनुमान है कि सरकारी ठेकों के जरिए आने वाले फंड को निजी ठेकेदारों की मदद से डायवर्ट कर ट्रस्ट और यूनिवर्सिटी के निर्माण में इस्तेमाल किया गया था। यही वजह है कि ईडी की जांच के दायरे में वे निजी कंपनियां, प्रमोटर और चार्टर्ड अकाउंटेंट व ठेकेदार शामिल हैं, जिन पर सपा शासनकाल के दौरान मिले सरकारी ठेकों के पैसों की हेराफेरी करने और ट्रस्ट को लाभ पहुंचाने का संदेह है।

नजर इस बात पर भी है कि किस तरह कथित तौर पर चंदे और ठेकों के जरिए काले धन को सफेद किया गया और यूनिवर्सिटी की संपत्ति व भवन निर्माण में इसका उपयोग हुआ।

यह भी पढ़ें- जौहर विश्वविद्यालय: जमीन कब्जाने में भूमाफिया घोषित हो चुके हैं आजम खां, खर्च का ब्योरा नहीं दे सका ट्रस्ट

बुधवार को ईडी ने आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी समेत आधा दर्जन ठिकानों पर छापे मारे। टीम ने जिन ठिकानों पर छापे मारे हैं, उनमें सीके एसोसिएट के डायरेक्टर पवन कुमार जैन के घर व कार्यालय के अलावा अब्दुल्ला के दोस्तों की फर्म ए एंड एस संस इंटरप्राइजेज भी शामिल है।

इनकी फर्म सिविल लाइंस क्षेत्र शौकत रोड स्थित इलाही मस्जिद के सामने है, जहां ईडी सुबह से डटी है। देर शाम तक मिली जानकारी के अनुसार ईडी ने सालिम को हिरासत में ले लिया है।