विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bank Holiday Alert: 26 से 30 सितंबर तक लगातार 5 दिन बंद रह सकते हैं बैंक, 25 तक निपटा लें जरूरी काम

Published: Wed, 23 Sep 2026 07:31 PM (IST)

सितंबर माह के अंत में 26 से 30 तारीख तक बैंक लगातार पांच दिनों के लिए बंद रहेंगे, जिसमें शनिवार, ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. प्रस्तावित है यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस की देशव्यापी हड़ताल

जागरण संवाददाता, रामपुर। सितंबर माह के आखिरी सप्ताह में यदि आपका बैंक का जरूरी काम है तो उसे 25 सितंबर तक निबटा लें। इसके बाद बैंक शाखाएं पांच दिन तक बंद रहेंगी। 30 सितंबर तक आपका काम टल जाएगा। तीन दिन बैंकों की हड़ताल प्रस्तावित है, जबकि उससे पहले शनिवार और रविवार का अवकाश रहेगा। इसके चलते बैंकों में कामकाज नहीं हो सकेगा।

बैंक कर्मचारी यूनियन लंबे समय से पांच दिन बैंकिंग की मांग कर रहे हैं। इस मांग को लेकर अब आंदोलन की रणनीति बनाई गई है, जिसके तहत इसी माह 11 सितंबर को एक दिन की हड़ताल की गई थी।

इसके बाद भी मांग पूरी न होने पर अब 28, 29 और 30 सितंबर को यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर देशव्यापी हड़ताल प्रस्तावित है।

इससे पहले 26 सितंबर को माह का दूसरा शनिवार और 27 को रविवार के चलते बैंक बंद रहेंगे। यानी हड़ताल होने पर 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिन शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है।

यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के जिला संयोजक धनराज ने बताया कि संगठन के शीर्ष नेतृत्व द्वारा सरकार से लगातार वार्ता चल रही है, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल रहा। ऐसे में हड़ताल होना तय है।

इसके लिए हम अन्य पदाधिकारियों के साथ शाखाओं में जाकर बैंक कर्मचारियों को एकजुट रहने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हड़ताल में एसबीआइ, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक आफ इंडिया, बैंक आफ बड़ौदा, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, यूको बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक समेत अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक शामिल हैं।

ग्राहकों से अपील है कि वे हड़ताल से पहले नकद जमा-निकासी, चेक जमा करने, बैंक दस्तावेज जमा कराने, ड्राफ्ट और अन्य शाखा आधारित जरूरी कार्य निपटा लें। हड़ताल हमारी मजबूरी है। जितने दिन हड़ताल होती है, कर्मचारी को उतने दिन के वेतन की कुर्बानी देनी पड़ती है।

यह भी पढ़ें- रामपुर: एक जैसी आंखों की पुतलियां और फिंगरप्रिंट! 3 महीने फंसा रहा जुड़वां बहनों का आधार, ऐसे निकला समाधान