इफको खाद के 800 कट्टों से भरा ट्रक जांच के घेरे में, चालक नहीं दिखा पाया कागज; पुलिस ने क्रेन से हटाया
जीएसटी की मोबाइल टीम ने दढ़ियाल में बिना ई-बिल के इफको खाद से भरा ट्रक पकड़ा। कागजात न मिलने पर ...और पढ़ें

इफको खाद से भरा ट्रक पकड़ने के बाद ट्रक चालक से जानकारी करती राज्य वाणिज्य कर अधिकारी प्रियंका सिंह। जागरण
HighLights
जीएसटी की मोबाइल टीम ने दढियाल में बिना ई बिल के पकड़ खाद ट्रक पकड़कर शुरू की कार्रवाई
संवाद सूत्र, दढ़ियाल (रामपुर)। कस्बे क्षेत्र में काशीपुर मार्ग स्थित इफको खाद के गोदाम पर रामपुर से आए खाद के ट्रक को राज्य वाणिज्य कर विभाग ने पकड़ा है, जिसमें खाद के 800 कट्टे लदे बताए गए हैं। मौके पर ट्रक चालक और गोदाम कर्मचारियों से आवश्यक कागजात मांगे गए, तो वे नहीं दिखा पाए। कर अधिकारी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद चौकी प्रभारी अमित कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए।
कागजात नहीं दिखाए जाने पर कर अधिकारी प्रियंका सिंह ने ट्रक को रामपुर ले जाने के लिए कहा, तो चालक ने गोदाम से कुछ दूरी चलकर ट्रक खराब होने की बात कहकर उसे बीच मार्ग पर खड़ा कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई।
पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क से हटा कर किनारे खड़ा कराकर जाम खुलवाया। राज्य वाणिज्य कर अधिकारी प्रियंका सिंह ने नगर में इफको खाद के कट्टों से भरा ट्रक पकड़कर जांच की।
जांच के दौरान चालक से अभिलेख दिखाने को कहा लेकिन वह चालान सहित अन्य जरूरी कागजात नहीं दिखा सका। कर अधिकारी ने गोदाम पर विक्रय अधिकारी दीपक कुमार और सहायक अधिकारी धीरेन्द्र सिंह से कागजात मांगे तो वह भी ट्रांसपोर्ट की जिम्मेदारी बता दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके।
इसके बाद खाद के परिवहन को लेकर मामला संदिग्ध माना जा रहा है। इफको कंपनी के क्षेत्रीय खाद उप प्रबंधक जयकृत सिंह रावत से पूछने पर उन्होंने रास्ते का बिल समेत अन्य कागजात देर से आने की बात कही।
इफको खाद कंपनी के क्षेत्रीय उप प्रबंधक जयकृत सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर अधिक गाड़ियों में माल लोड किया जाता है, इसी वजह से संबंधित कागजात में विलंब हो गया।
हालांकि मौके पर (रास्ते का बिल) और अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने से स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। खाद से भरा ट्रक अभी काशीपुर मार्ग पर ही खड़ा है।
इधर जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि इस तरह का ट्रक पकड़े जाने की उन्हें सूचना नहीं मिली है। बुधवार को इफको की रैक लगी है। खाद भी ट्रकों से गई है।
उधर सहायक आयुक्त संदीप रतन ने बताया कि संबंधित चालक ई बिल मौके पर नहीं दिखा पाया जो 50 हजार से अधिक के माल के साथ आवागमन के दौरान अनिवार्य होता है। इस कमी के आधार पर नोटिस दिया गया है। इसका जवाब आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
