यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'शादी करूंगी तो अपने प्रेमी से वरना कर लूंगी आत्महत्या', 24 घंटे से BF के घर पर डेरा डाले बैठी प्रेमिका ने दी धमकी
यूपी के रामपुर में मुरादाबाद की युवती प्रेमी के घर आ पहुंची। युवती को देखकर क्षेत्र के लोग एकत्र हो ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, केमरी (रामपुर)। मुरादाबाद की युवती शादी के लिए प्रेमी के घर पहुंच गई। वह 24 घंटे से यहीं डेरा डाले है। हालांकि, सूचना मिलने पर आए उसके स्वजन युवती की जिद्द को देखकर लौट गए। पुलिस इस मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जता रही है।
मामला नगर क्षेत्र के एक मोहल्ले का है, यहां का एक युवक का काफी समय से मुरादाबाद के एक मोहल्ले में रिश्तेदारी में आना जाना था। वहां उसका संबंध सैनी जाति की युवती से हो गया। दोनों आपस में चोरी छिपे मिलने के साथ फोन पर बातें भी करते थे। इन बातों का दोनों परिवार के लोगों को बिल्कुल भी पता नहीं था।
प्रेमी के घर पहुंची प्रेमिका, शादी कराने की जिद पर अड़ी
अचानक सोमवार की शाम पांच बजे मुरादाबाद की युवती नगर स्थित प्रेमी के घर आ पहुंची। उस समय परिवार में कोई भी घर पर मौजूद नहीं था। लड़के के पिता अपने निजी कार्य से कहीं बाहर गए थे, उसकी मां दवा लेने गई थीं। युवती को देखकर क्षेत्र के लोग एकत्र हो गए। कुछ देर के बाद प्रेमी और परिवार के लोग भी घर आ गए , जिन्होंने लड़की को अपने घर लौटने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह शादी कराने की जिद पर अड़ी रही।
'अगर जबरदस्ती लेकर जाओगे तो आत्महत्या कर लूंगी'
लड़के के स्वजन ने लड़की के परिवार को सूचना दी, उसके स्वजन भी केमरी पहुंच गए। उन्होंने घर चलने के लिए लड़की को काफी समझाया लेकिन उसने वापस जाने को मना कर दिया। उसने कहा, वापस नहीं जाऊंगी, अगर जबरदस्ती लेकर जाओगे तो आत्महत्या कर लूंगी। शादी अपने प्रेमी के साथ करूंगी।
यह भी पढ़ें: UP Crime: मेरठ की युवती ने होटल में बुलाकर दुष्कर्म का लगाया आरोप, पुलिस ने खंगाले CCTV फुटेज
युवक के घर पर ही डेरा डाले रही युवती
आत्महत्या की धमकी सुनकर सभी घबरा गए। युवती मंगलवार की शाम तक मोहल्ले में ही युवक के घर डेरा डाले रही। हालांकि, उसकी जिद्द को देखते हुए उसके स्वजन उसे छोड़कर लौट गए। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। कोई सूचना या प्रार्थना पत्र प्राप्त होने पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
