नैनीताल हाईवे पर ट्रक खराब होने से लगा चार घंटे जाम
बिलासपुर : नैनीताल हाईवे पर ट्रक खराब होने से लगभग चार घंटे तक जाम लग गया। जाम में छात्र
बिलासपुर : नैनीताल हाईवे पर ट्रक खराब होने से लगभग चार घंटे तक जाम लग गया। जाम में छात्र-छात्राओं और यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नगर में रोजाना जाम लगने का क्रम जारी है। जाम के चलते नगरवासियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को रामपुर हाईवे पर ब्लाक के सामने दोपहर करीब 12 बजे ट्रक खराब हो गया। शनिवार की साप्ताहिक पैंठ के चलते वाहनों का दबाव अधिक था, जिसके चलते नैनीताल हाईवे मार्ग के दोनों वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के चलते ई-रिक्शा, कार चालकों द्वारा आगे निकलने की आपाधापी के बीच वाहनों को आड़ा-तिरछा खड़ा किए जाने पर भीषण जाम लग गया। इस दौरान बाइक सवार तो क्या, पैदल यात्रियों का भी निकलना दूभर होकर रह गया। नगर मुख्य चौराहा, माटखेड़ा मार्ग, पुरानी तहसील मार्ग, सिनेमा मार्ग, कैनाल मार्ग, सब्जी मंडी मार्ग, पोस्ट आफिस मार्ग आदि विभिन्न मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने वनवे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर वाहनों को गुजारने से पूर्व यहां पर करीब चार घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा। सायंकाल तक वाहनों का रेंग-रेंगकर गुजरने का क्रम जारी था। नगर में रोजाना जाम लगने का मुख्य कारण अतिक्रमण भी है, जिसकी वजह से नगर में रोजाना जाम लगता है। पालिका प्रशासन ने मात्र एक दिन नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर मात्र खानापूरी कर दी। इसके पश्चात अतिक्रमणकारियों ने पुन: मार्ग के दोनों ओर कब्जे कर अतिक्रमण कर लिया है। इस ओर कोई अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिसका खामियाजा नगरवासियों को उठाना पड़ रहा है।