रावण के पुतले में लगाई आग
रावण के पुतले में लगाई आग
जागरण संवाददाता, सैफनी : कस्बे में भगवान श्रीराम की शोभायात्रा बैंडबाजे के साथ धूमधाम से निकाली गई। इसके बाद युद्ध मैदान में असत्य की प्रतीक रावण का वध करने के बाद उसके पुतले को आग के हवाले कर दिया।
कस्बे में पिछले 13 दिन से चल रही श्री सनातन धर्म आदर्श रामलीला कमेटी की ओर से गुरुवार दोपहर झांकियों से सुसज्जित शोभायात्रा निकाली गई। शुभारंभ चौकी प्रभारी राजेश बैंसला ने फीता काटकर किया। शोभायात्रा कस्बे के सर्राफा मार्केट से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई मेला स्थल पर बनाए गए युद्ध के मैदान में जाकर समाप्त हुई। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया। युद्ध के मैदान में भगवान श्रीराम तथा लंकापति रावण के बीच युद्ध का मंचन किया। विभीषण की जानकारी पर श्रीराम ने रावण की नाभि पर अग्निबाण छोड़ा। बाण लगते ही रावण ने प्राण त्याग दिए। इसके साथ ही वातावरण श्रीराम के नारों से गूंज उठा।
इस मौके पर मेला भी लगा, जिसका उद्घाटन भाजपा युवा मोर्चा के जिला कार्यकारिणी सदस्य शोभित शर्मा ने फीता काटकर किया। मेले में बच्चो और महिलाओं ने खरीदारी की। वहीं बच्चों ने झूलों का भरपूर आनंद लिया। इस मौके पर रामलीला कमेटी के प्रबंधक फौजी सुशील कुमार, विवेक वशिष्ठ, सुधाकर शर्मा, विमल जोशी, राहुल जोशी, सुन्दर पांडे, मनोज जोशी, शिशुपाल कश्यप, आकाश सक्सैना, सत्यनारायण शर्मा, नीरज पांडे आदि रहे।