विद्युत अव्यवस्था के विरोध में किसानों ने किया प्रदर्शन
रामपुर में भारतीय किसान यूनियन अंबावता के कार्यकर्ताओं ने बिजली की किल्लत पर प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, रामपुर : भारतीय किसान यूनियन अंबावता के कार्यकर्ताओं ने बिजली की किल्लत व सूखी नहरों के विरोध में कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन भी सौंपा। जिसमें समस्याओं का शीघ्र निराकरण करवाने की मांग की है।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनीफ वारसी ने कहा कि जनपद में अधिकांश नहरें सूखी पड़ी हैं। डीजल की बढ़ी कीमत पहले की किसानों की कमर तोड़ चुकी है। ऐसे में किसानों के आगे फसलों की सिचाई की समस्या सामने आ खड़ी हुई है। सिचाई विभाग में भ्रष्टाचार का बुरा हाल है। नहरों की सफाई के नाम पर खानापूरी कर शासन से आई धनराशि को हड़प कर लिया गया है। कहा कि सरकार ने किसानों के लिए बहुत सी योजनाएं संचालित की हैं। लेकिन, अधिकारी उन्हें भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा देते हैं। आगे कहा कि बिजली विभाग भी मनमानी पर आमादा है। सरकार के निर्देशानुसार आपूर्ति किसानों को नहीं दी जा रही है। जिससे किसानों को सिचाई के लिए मंहगे डीजल पर निर्भर होना पड़ रहा है। इसके साथ जिले में खाद की भी किल्लत चल रही है। जिससे उनकी फसल को नुकसान होने का खतरा बना हुआ है। समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करवाने की मांग की है।