बिलासपुर में पराली जलाते किसान गिरफ्तार
तहसील क्षेत्र के डिबडिबा गांव में पराली जलाने के मामले में लेखपाल की ओर से किसान के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जासं, बिलासपुर(रामपुर) : तहसील क्षेत्र के डिबडिबा गांव में पराली जलाने के मामले में लेखपाल की ओर से किसान के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर चालान किया है।
प्रशासन की सख्ती के बावजूद किसान पराली जलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। वे चोरी-छुपे धड़ल्ले से पराली जला रहे हैं। मंगलवार की रात किसी व्यक्ति ने जिलाधिकारी को सूचना दी कि क्षेत्र के गांव डिबडिबा में एक व्यक्ति पराली जला रहा है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दिए, जिस पर तहसीलदार रणविजय सिंह और कोतवाली प्रभारी ब्रजेश कुमार यादव टीम सहित मौके पर पहुंच गए। पराली जला रहे किसान परमजीत सिंह पुत्र जसवंत सिंह को हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों के निर्देश पर लेखपाल रवि सिंह राणा ने आरोपित के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि लेखपाल की ओर से मुकदमा पंजीकृत कर आरोपित का चालान कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने कहा है कि अगर कोई भी किसान पराली जलाता पाया जाता है तो इसी तरह से कार्रवाई की जाएगी।