एक नजर
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है दशहरा जयाप्रदा पूर्व संसद सदस्य एवं फिल्म
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है दशहरा: जयाप्रदा
रामपुर : पूर्व संसद सदस्य एवं फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने विजयदशमी के पर्व पर बधाई दी। कहा है कि पर्व कोई भी हो, उसे मिलजुलकर सौहार्द के साथ मनाएं। दशहरा पर्व असत्य पर सत्य की जीत और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। रामायण के सभी पात्र हमें प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं। जासं
महिलाओं को दी कानून की जानकारी
रामपुर : मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। एसपी के निर्देश पर महिला थाना प्रभारी रीना सिंह और एंटी रोमियो टीम की प्रभारी कंचन टोलिया ने गांवों, मुहल्लों, कसबों और स्कूलों में जाकर महिलाओं एवं बालिकाओं से बात की। उन्हें वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्प लाइन 181, पुलिस सहायता 112, चाइल्ड हेल्प लाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108 के साथ-साथ बाल सरंक्षण अधिनियम आदि कानूनों की जानकारी दी। कोविड 19 से बचाव को भी जागरूक किया। जासं
यातायात नियमों के उल्लंघन में वसूला जुर्माना
रामपुर : एसपी शगुन गौतम के निर्देश पर रविवार को सभी थाना पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में वाहन चेकिग अभियान चलाया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से जुर्माना वसूला गया। इस दौरान संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की। पुलिस ने कोविड 19 के संक्रमण से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक भी किया। मास्क न पहनने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई की। जासं