ईडी के रडार पर अब्दुल्ला आजम: गांधी समाधि के पास 10 हजार गज की करोड़ों की जमीन पर गहराया संकट
ईडी अब आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम की रामपुर स्थित 10 हजार गज जमीन की जांच कर रही है, जिसे डूब क्षेत्र में पाया गया था। इस बेशकीमती जमीन की खरीद-फरोख्त में काले धन और स्टांप चोरी के आरोप हैं, जिसके चलते यह ईडी के रडार पर है।

अब्दुल्ला आजम
HighLights
अब्दुल्ला ने गांधी समाधि के समीप तीन बार में खरीदी थी डूब क्षेत्र की बेशकीमती जमीन
इस जमीन खरीद में अब्दुल्ला व उनके दोस्तों के खिलाफ दर्ज है धोखाधड़ी का मामला
अनिल अवस्थी, रामपुर। सपा महासचिव आजम खां के जौहर विश्वविद्यालय के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के निशाने पर उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की 10 हजार गज जमीन भी आ गई है। अब्दुल्ला ने गांधी समाधि के पास इस जमीन को वर्ष 2022 में अपने दोस्त अनवार व सालिम से खरीदी थी। तब आजम जेल में थे। पिता के जेल में रहते बेशकीमती जमीन की खरीदारी को लेकर वह चर्चा में आए।
जांच में यह जमीन डूब क्षेत्र की पाई गई। इस पर लेखपाल ने अब्दुल्ला आजम समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। 19 अगस्त को ईडी ने जौहर विश्वविद्यालय के साथ ही शौकत रोड स्थित एएंडएस इंटरप्राइजेज पर भी छापेमारी की थी। यह फर्म आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम के करीबी अनवार व सालिम के नाम पर है।
सूत्र बताते हैं कि ईडी की टीम ने यहां से भी कई दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। इनमें गांधी समाधि के पास स्थित उस जमीन से संबंधित कागजात भी शामिल हैं जिनकी रजिस्ट्री अनवार व सालिम ने अब्दुल्ला आजम के नाम कराई थी। अब्दुल्ला ने तीन बार में जमीन की रजिस्ट्री कराई थी।
सबसे पहले 21 फरवरी 2022 को 0.9110 हेक्टेयर और 4 अप्रैल व 8 अप्रैल 2022 को 0.304-0.304 हेक्टेयर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। कुछ लोगों ने प्रशासन से शिकायत करते हुए सरकारी जमीन की रजिस्ट्री कराए जाने का आरोप लगाया।
इसकी जांच कराई गई तो पता चला कि उक्त जमीन कोसी नदी के डूब क्षेत्र में है, इस वजह से जमीन की रजिस्ट्री हो ही नहीं सकती थी। इस पर लेखपाल संजय गंगवार की ओर से शहर कोतवाली में अब्दुल्ला आजम, अनवार, सालिम और अब्दुल्ला परवेज के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में 19 जनवरी 2024 को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
शहर स्थित यह जमीन बेशकीमती है। इसका बाजार भाव एक लाख रुपये प्रति गज बताया जा रहा है। इस जमीन पर स्टांप चोरी का भी आरोप लगा। इसके बाद प्रशासन की ओर से स्टांप चोरी के आरोप में एक करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना भी लगाया गया था।
इस प्रकरण में अब्दुल्ला आजम समेत सभी आरोपित जमानत पर हैं। लेकिन यह बेशकीमती जमीन ईडी की रडार पर है। चर्चा है कि ईडी को इस जमीन की खरीद-फरोख्त में भी काला धन के प्रयोग की आशंका है, इसके चलते जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ कार्रवाई की जद में यह जमीन भी आएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।