दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या
जेएनएन शाहबाद दहेजलोभियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या कर दी। सूच
जेएनएन, शाहबाद : दहेजलोभियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या कर दी। सूचना पर मौके पर पहुंची मृतका की मां ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिला बदायूं के थाना वजीर गंज के गांव रहड़िया निवासी जमुना देवी ने करीब ढाई वर्ष पूर्व अपनी बेटी सुनीता का विवाह थाना क्षेत्र के गांव देवीपुरा निवासी मदन पाल पुत्र अतर सिंह के साथ किया था। आरोप है कि शादी के एक वर्ष के बाद ही सुनीता के ससुरालियों ने दहेज की मांग शुरू कर दी और उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि बीती रात आरोपितों ने मिलकर सुनीता की हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका की मां जमुना देवी की तहरीर पर मृतका के पति मदन पाल, जेठ अशोक, जेठानी सुशीला, ससुर अतर सिंह एवं सास जशोदा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल नरेंद्र त्यागी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चलेगा।
दहेज हत्यारोपित पुलिस से दूर
बिलासपुर : दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने जगह-जगह दबिश देकर आरोपित ससुरालियों को तलाश की लेकिन, आरोपितों तक नहीं पहुंच पाई।
गांव दुर्जनपुर-देवापुर निवासी मूलचंद की पत्नी सीमा की मौत के मामले में मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट कराई थी। पुलिस ने पति, ससुर, जेठ व जेठानी समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश में जनपद के कई गांवों में दबिश दी लेकिन, कुछ पता नहीं चला। कोतवाल बृजेश कुमार यादव का कहना है कि आरोपित ससुरालियों को जगह-जगह तलाश किया जा रहा है। उनके रिश्तेदारों आदि समेत कई गांवों में दबिश दी गई है। जल्द ही सभी आरोपित पुलिस की हिरासत में होंगे।