रामपुर डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने किया कन्या पूजन, पिंक समाधान दिवस में 9 शिकायतों का निस्तारण
रामपुर में पिंक संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने 33 में से 9 शिकायतों का मौके पर ...और पढ़ें

तहसील सदर में कन्या पूजन करते डीएम अजय कुमार द्विवेदी। सौ. सूचना विभाग
HighLights
पिंक समाधान दिवस पर 33 में से 9 शिकायतें निस्तारित।
डीएम-एसपी ने कन्या पूजन कर दिया सम्मान का संदेश।
मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को सुरक्षा जानकारी दी।
जागरण संवाददाता, रामपुर। मिशन शक्ति के तहत तहसील सदर में आयोजित पिंक संपूर्ण समाधान दिवस जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने महिलाओं समेत अन्य फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 33 शिकायतें प्राप्त होने पर डीएम ने नौ शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया। शेष 24 शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर समय से कार्रवाई के निर्देश दिए।
शनिवार को समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि फरियादियों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। महिला उत्पीड़न, घरेलू विवाद, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में आ रही दिक्कतों से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए। कार्रवाई की स्थिति से भी अवगत कराया जाए।
डीएम व एसपी ने संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की सुनीं शिकायतें
शिकायतों में राजस्व विभाग की 10, पूर्ति निरीक्षक की आठ, थाना स्तर की चार और विद्युत विभाग की चार शिकायतें शामिल थीं। खंड विकास अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी से संबंधित तीन-तीन तथा नगर पालिका परिषद रामपुर से जुड़ी दो शिकायतें आईं। ग्राम मिश्रीनगर जुनूबी में सरकारी चकरोड पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया।
इस पर जिलाधिकारी ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चकरोड को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन और सार्वजनिक उपयोग की संपत्तियों पर अवैध कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए।
दो लाभार्थियों को मिले कार्ड
समाधान दिवस में ग्राम फैजनगर निवासी शकील और हाजीनगर निवासी अफजाल को आयुष्मान कार्ड एवं अन्त्योदय राशन कार्ड वितरित किए गए। वहीं मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा टीम और साइबर टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए। उन्हें सहायता प्राप्त करने और शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
एसपी ने बालिकाओं और महिलाओं से की अपील
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिसोदिया ने पुलिस से संबंधित शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने महिला उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के मामलों में पीड़िताओं की सुरक्षा, सम्मान और गोपनीयता का ध्यान रखने पर जोर दिया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी समस्या पर बिना संकोच शिकायत करने की अपील की।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह, उप जिलाधिकारी सदर रत्निका श्रीवास्तव, तहसीलदार सदर श्रद्धा गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मिशन शक्ति के तहत कन्या पूजन, गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के तहत संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत तहसील सदर परिसर में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिसोदिया ने सहभागिता करते हुए कन्या पूजन किया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कन्याओं को फूल-मालाएं पहनाकर पूजन किया। वहीं अल्पाहार वितरित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म सम्पन्न कराई। शिशुओं को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया।
डीएम ने कहा, कन्या पूजन बेटियों के सम्मान और उनके महत्व का प्रतीक
जिलाधिकारी ने कहा कि कन्या पूजन बेटियों के सम्मान और उनके महत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण, उनके अधिकारों की जानकारी तथा आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी धर्मेन्द्र मिश्रा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- फर्जी शिक्षकों पर शिकंजा: हाई कोर्ट ने सभी प्रमाणपत्रों की जांच का दिया आदेश, एक सप्ताह में जमा करें सभी दस्तावेज
यह भी पढ़ें- अयोध्या कार्तिक पूर्णिमा मेला: श्रद्धालुओं के लिए होगा 150 बसों का संचालन, अस्थाई बस स्टैंड भी बनेगा
