पंचायत चुनाव में पूरे दमखम से मैदान में उतरेगी कांग्रेस : गजराज
पंचायत चुनाव में पूरे दमखम से मैदान में उतरेगी कांग्रेस गजराज
जागरण संवाददाता, रामपुर : पंचायत चुनाव प्रभारी/ पूर्व विधायक गजराज सिंह ने कांग्रेस कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों से भेंट की। इस दौरान उन्होंने पंचायत चुनाव को लेकर चर्चा की। साथ ही चुनाव को लेकर अब से ही तैयारियों में जुट जाने का आह्वान भी किया। कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। अत: पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसके लिए कमर कस लें।
उन्होंने कहा कि यह पंचायत चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। पार्टी इस बार ग्राम पंचायत से लेकर जिला पंचायत तक के चुनाव अपने सिबल पर लड़ेगी। चुनाव को लेकर पदाधिकारियों की राय ली जाएगी। हमें अब ही से उन लोगों का चयन करना होगा, जो मजबूती से चुनाव लड़ सकें। हम सबका का लक्ष्य संगठन को शक्ति प्रदान करना है। किसान परेशान हो चुके हैं। वर्तमान सरकार में कोई भी तबका खुश नहीं है। किसानों को फसलों की लागत तक हाथ नही आ रही है। इससे वे अपने परिवार का पालन-पोषण नहीं कर पा रहे हैं। हालत यह है कि परेशान हाल जनता अब एकमात्र कांग्रेस की ओर देख रही है। कहा कि समाज को बांटना ही भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य है, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुतीउर्रहमान खां, जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र देव गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह यदुवंशी, नगर अध्यक्ष मामून शाह खां, ताहिर खां, नामे अली, नुसरत बेग, शाहवेज खां, जफर गुड्डू, रामपाल गंगवार, शमशाद अंसारी व हरिओम सुमन आदि रहे।