अखिलेश के दौरे से आजम को सहारा, बुरे दौर से गुजर रहे आजम खां Rampur News
आजम खां इन दिनों बुरे दौर से गुजर रहे हैं। उनके खिलाफ 74 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
जागरण संवाददाता रामपुर। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के दौरे से सांसद आजम खां को सहारा मिल गया है। आजम खां इन दिनों बुरे दौर से गुजर रहे हैं। उनके खिलाफ 74 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। उनके परिजनों और करीबियों पर भी मुकदमे कराए जा रहे हैं। इसके विरोध में सपाई आंदोलन कर चुके हैं। अखिलेश भी रामपुर आकर सपाइयों को संबोधित कर चुके हैं। आजम के हमसफर रिसोर्ट में रात्रि विश्रम किया और आजम खां से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की। अखिलेश ने उन्हे भरोसा दिलाया कि हम उनके साथ हैं। उनके लिए संघर्ष भी करेंगे और कानूनी लड़ाई भी लड़ेंगे।
आजम खां रामपुर शहर से नौ बार विधायक चुने गए। चार बार प्रदेश सरकार में कई-कई विभागों के मंत्री रहे। राज्यसभा सदस्य भी चुने गए। प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष भी बने लेकिन, इतने परेशान कभी नहीं हुए जितने अब हैं। उनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, जमीन कब्जाने, मकान तोड़ने, लूटपाट करने, भैंस चोरी, गाय चोरी, बकरी चोरी और किताब चोरी के आरोप में भी मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
आजम के साथ ही उनकी पत्नी राज्यसभा सदस्य डा. तजीन फात्मा, उनके बेटे विधायक अब्दुल्ला आजम, अदीब आजम, उनके बड़े भाई सेवानिवृत इंजीनियर शरीफ खां, भतीजे बिलाल अहमद के खिलाफ भी मुकदमे कायम हो चुके हैं। उनकी बड़ी बहन निकहत अफलाक को तो पुलिस ने थाने ले जाकर पूछताछ की। पुलिस ने जौहर यूनिवर्सिटी पर भी छापेमारी की। प्रशासन ने आजम खां को भूमाफिया घोषित कर दिया। ईडी ने भी उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सांसद आजम खां।