यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 23, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'रामपुर रचेगा अन्याय का इतिहास, खून के आंसू रोएंगी सदियां' उपचुनाव पर पहली बार बोले आजम खां
Azam Khan Statement समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां ने कहा कि चुनाव आते हैं और चले जाते हैं ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, रामपुर। Azam Khan Statement : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां (Azam Khan) ने कहा कि चुनाव आते हैं और चले जाते हैं, लेकिन रामपुर उपचुनाव (Rampur By Election) इस बार इतिहास रच रहा है। एक ऐसे अन्याय का इतिहास, जिस पर आने वाली सदियां खून के आंसू रोएंगी और उन लोगों पर यकीनन हैरत करेंगी, जिनके अंदर बर्दाश्त की क्षमता खोई है।
चुनाव लोकतंत्र का पर्व पर हो क्या रहा
सपा नेता ने कहा कि सहने वालों की बर्दाश्त को आने वाला इतिहास याद रखेगा। चुनाव लोकतंत्र का पर्व कहा जाता है, लेकिन क्या हो रहा है। इस पर टिप्पणी करने से बेहतर है कि हम खुद उसका अहसास करें और हालात का मुकाबला करें। एक ऐसी जीत दर्ज करें, जिससे आने वाले लोगों को यह सबक हो कि लोकतंत्र को दमन तंत्र से नहीं दबाया जा सकता।
उपचुनाव के लिए पहली बार मीटिंग में खुलकर बोले आजम
आजम खां ने यह बात बुधवार को सपा कार्यालय पर संतोख सिंह खेहरा के सपा में शामिल होने के अवसर पर कही। उपचुनाव के दौरान आजम खां बुधवार को पहली बार किसी मीटिंग में खुलकर बोले। उन्होंने संतोष सिंह खेहरा और उनके साथियों का स्वागत किया। इस मौके पर सपा प्रत्याशी आसिम राजा (Asim Raja) ने कहा कि खेहरा जी ने मुझसे कहा था कि जब आप जेल से बाहर होंगे तब ही मैं समाजवादी पार्टी ज्वाइन करूंगा।
सपा ने इंसानों के बीच कभी खड़ी नहीं की दीवार
शहर से ऐसे लोग भी हमारे साथ शामिल हुए हैं, जिन्हें जमाना हीन भावना से देखता रहा है, लेकिन समाजवादी पार्टी ने इंसानों के बीच कभी दीवार खड़ी नहीं की है। सपा प्रत्याशी आसिम राजा ने कहा कि आजम खां ने जुल्म और अन्याय के खिलाफ जंग लड़ी है। सभी ने मिलकर आजम खां का साथ हमेशा दिया है।
आजम खत्म करना चाहते हैं जीवन का अंधकार
आजम खां हमारे और आपके जीवन को अंधकार से निकालकर रोशनी की तरफ लाना चाहते हैं। जो ताकत पहले महलों के पास थी अब वो ताकत आजम खां ने हमारे और आपके पास लाकर रख दी। इस मौके पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, अमित शर्मा आदि मौजूद रहे।