रामपुर फांसीघर जमीन मामला: आजम खान की VC से पेशी, जानें क्यों टल गया कोर्ट का बड़ा फैसला
रामपुर फांसीघर जमीन कब्जाने के मामले में सपा नेता आजम खान वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए। बचाव पक्ष के ...और पढ़ें

आजम खान
HighLights
गंज कोतवाली में वर्ष 2010 में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
जागरण संवाददाता, रामपुर। जिला कारागार के फांसीघर की जमीन कब्जाने के मामले में बुधवार को सुनवाई हुई। सपा नेता आजम खान जेल से वीडियो कांफ्रेंस के जरिए पेश हुए। इसके अलावा इस मामले में अन्य लोग भी आरोपित हैं। सभी पर आरोप तय होने हैं। आरोपितों के अधिवक्ता की ओर से स्थगन प्रार्थना पत्र देकर समय मांग लिया। इसके चलते आरोप तय नहीं हो सके।
जेल में फांसीघर की जमीन कब्जाने के आरोप में प्राथमिकी गंज कोतवाली में 20 सितंबर 2019 को तत्कालीन नायब तहसीलदार कृष्ण गोपाल मिश्रा की ओर से कराई गई थी। इसमें तब 37 लोगों को नामजद किया था। नामजद लोगों में आजम खां की मां और बेटे अदीब का नाम भी शामिल था। मां की मौत हो चुकी है, इसलिए उनका नाम निकाल दिया गया था।
सभी पर फांसी घर की जमीन की खरीद फरोख्त का आरोप है। नायाब तहसीलदार ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि इस जमीन की बिक्री नहीं हो सकती, क्योंकि यह सरकारी है। कागजों में हेराफेरी कर कुछ लोगों ने जमीन बेच दी। जमीन खरीदने के बाद लोगों ने घर भी बना लिए। पुलिस रिपोर्ट में जमीन बेचने और खरीदने वाले सभी को नामजद किया गया।
विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आए कि आजम खान के इशारे पर ही जमीन खरीदी गई है। पूछताछ के दौरान खरीदारों ने यह बात कही कि उन्होंने आजम खान के कहने पर ही जमीन खरीदी थी। इसी आधार पर चार्जशीट में उनका नाम धारा 120 बी (षड्यंत्र रचने) में शामिल किया गया था। पुलिस ने विवेचना पूरी कर आजम खान समेत सभी 37 के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था।
इस मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में चल रही है। ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी राकेश मौर्य ने बताया कि बुधवार को इस मामले में सभी पर आरोप तय होने थे, लेकिन बचाव पक्ष के अधिवक्ता की ओर से स्थगन प्रार्थना पत्र दिए जाने के कारण सनवाई नहीं हो सकी।
आजम खान के खिलाफ भड़काऊ भाषण मामले में वीडियोग्राफर की हुई गवाही
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान के खिलाफ भड़काऊ भाषण के एक मामले में बुधवार को सुनवाई हुई। इसमें अभियोजन की ओर से वीडियोग्राफर की गवाही कराई गई। उनकी गवाही पूरी हो गई है। उन्होंने न्यायालय में गवाही में घटना के दिन वीडियोग्राफी करने की जानकारी दी।
आजम खान ने वर्ष 2019 में पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा था और जीत भी गए थे। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी का कांग्रेस से गठबंधन था और आजम खान गठबंधन के प्रत्याशी थे। पांच अप्रैल 2019 को कसबा टांडा में हुई जनसभा में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की थी।
प्रशासनिक अधिकारियों को जालिम भी कहा था। अपने भाषण में मुसलमानों को भड़काते हुए कहा था कि यह चुनाव सिर्फ मुसलमानों से जितनी नफरत की जा सकती हो, के आधार पर लड़ा जा रहा है। इस मामले में आठ अप्रैल 2019 को उड़न दस्ता प्रभारी पवन कुमार की ओर से टांडा थाने में आजम खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने विवेचना के बाद न्यायालय में आजम खान के खिलाफ आरोप पत्र प्रेषित किया था। इस मामले में सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में चल रही है। अभियोजन की ओर से इसमें गवाही के लिए घटना के समय वीडियोग्राफी करने वाले पंकज कुमार को पेश किया। उनकी चीफ हुई और फिर आजम खान के अधिवक्ता ने उनसे जिरह भी की। उनकी गवाही पूरी हो गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।