सपा नेता का बड़ा दावा: आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी के बैंक खाते खुले, प्रोफेसरों को मिला रुका हुआ वेतन
सपा नेता आसिम राजा ने दावा किया है कि आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी के बैंक खाते खुल गए हैं, ...और पढ़ें

रामपुर में प्रेस वार्ता में बोलते सपा नेता आसिम राजा।
जागरण संवाददाता, रामपुर। सपा नेता आजम खां की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के बैंक खाते खुलने के बाद वहां पढ़ाने वाले प्रोफेसरों के वेतन का भुगतान हो गया है। पहले आयकर विभाग की टीम की कार्रवाई के बाद यूनिवर्सिटी के खाते बंद हो गए थे, जिसके चलते प्रोफेसरों का वेतन रुक गया था।
मंगलवार की दोपहर 2 बजे सपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान यह दावा नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने किया। उन्होंने खाते बंद होने और खुलने की तारीख की जानकारी नहीं दी।
कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी को बर्बाद करने का सरकार का सपना कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने इस मुद्दे को यूनिवर्सिटी से जुड़े मौजूदा हालात के बीच महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वहां पढ़ाने वाले शिक्षकों के वेतन का भुगतान हो चुका है।
सपा नगर अध्यक्ष ने पिछले दिनों जौहर यूनिवर्सिटी की इमारतों को तोड़ने की बात का भी जिक्र किया। कहा कि इस मुद्दे पर देश के कई लोगों का समर्थन मिला था। इसके बावजूद कुछ कंपनियां और एजेंसियां यूनिवर्सिटी को बर्बाद करने की कोशिश कर रही हैं।
आसिम राजा ने कहा कि यूनिवर्सिटी को लेकर की जा रही कोशिशों का जवाब देने के लिए उनके पास अदालतें हैं। वे अदालतों में अपना पक्ष रख रहे हैं और कानूनी तरीके से जवाब दे रहे हैं। उनके बयान में यूनिवर्सिटी के बैंक खाते खुलने, प्रोफेसरों को वेतन मिलने और इमारतों को तोड़ने से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।
