विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजम खान डूंगरपुर प्रकरण में गवाह से जिरह पूरी, अब 27 अगस्त को अगली सुनवाई

Published: Thu, 20 Aug 2026 12:19 PM (IST)

डूंगरपुर प्रकरण में सपा नेता आजम खान के बचाव पक्ष के गवाह मोहम्मद इस्लाम से अभियोजन ने जिरह पूरी की, ...और पढ़ें

सपा नेता आजम खान। जागरण

 सपा नेता आजम खान। जागरण

HighLights

  1. आजम खां डूंगरपुर प्रकरण में गवाह से जिरह पूरी।

  2. अगली सुनवाई 27 अगस्त को, आजम खां VC से पेश हुए।

  3. MP-MLA कोर्ट में नए न्यायाधीश पिंकू कुमार नियुक्त।

जागरण संवाददाता, रामपुर। डूंगरपुर प्रकरण में आरोपित सपा नेता आजम खान की ओर उनके अधिवक्ता ने बचाव में गवाह पेश किया। मोहम्मद इस्लाम नाम के गवाह की मुख्य परीक्षा पहले हो चुकी है। बुधवार को गवाह से अभियोजन की ओर से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता सीमा राणा ने जिरह की। जिरह पूरी हो गई है। अब इस मामले में 27 अगस्त को सुनवाई होगी। सुनवाई के दौरान आजम खां रामपुर जेल से वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए न्यायालय में पेश हुए।

डूंगरपुर प्रकरण वर्ष 2016 का है। तब प्रदेश में सपा की सरकार थी और आजम खान कैबिनेट मंत्री थे। उन्होंने पुलिस लाइन के पास डूंगरपुर में गरीबों के लिए आसरा आवास बनवाए थे। यहां पहले से कुछ लोगों के मकान बने हुए थे, जिन्हें सरकारी जमीन पर बताकर तोड़ दिया गया था।

इन लोगों ने ही भाजपा की सरकार आने पर वर्ष 2019 में गंज कोतवाली में मुकदमे दर्ज कराए थे। 11 लोगों की ओर से दर्ज अलग-अलग मुकदमों में आरोप है कि सपा सरकार में आजम खान के इशारे पर पुलिस और सपाइयों ने बस्ती में आसरा आवास बनाने के लिए उनके घरों को जबरन खाली कराया था। उनका सामान लूट लिया और मकानों पर बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त कर दिया था।

इन मुकदमों में पहले आजम खान नामजद नहीं थे, लेकिन अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और उनके बयानों के आधार पर पुलिस ने आजम खान को भी आरोपित बनाया था। इन मामलों की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (सेशन ट्रायल) में चल रही है। इनमें छह मामलों में फैसला हो चुका है।

पांच मामले अब भी विचाराधीन हैं। पांचों मामलों की एक साथ सुनवाई की जा रही है। आजम खां के अलावा इस मामले में पूर्व सीओ आले हसन खां, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमेंद्र चौहान, पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां, बरकत अली ठेकेदार आदि भी आरोपित हैं। इसमें अभियोजन की गवाही पूरी हो चुकी है। अब बचाव पक्ष की ओर से गवाह पेश किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- जौहर यूनिवर्सिटी केस में ईडी का बड़ा एक्शन: अब्दुल्ला आजम के दोस्त हिरासत में, 'A&S' फर्म पर कसा शिकंजा


एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में मुकदमों की सुनवाई करेंगे न्यायाधीश पिंकू कुमार
पिछले कुछ दिन से रिक्त चल रही एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (सेशन ट्रायल) में न्यायाधीश की नियुक्ति हो गई है। अपर जिला जज पंचम पिंकू कुमार अब यहां चल रहे मुकदमों की भी सुनवाई करेंगे। अभी तक वह सिर्फ गैंगस्टर कोर्ट के मुकदमों की सुनवाई कर रहे थे।

सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता सीमा राणा के अनुसार पहले डा. विजय कुमार एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (सेशन ट्रायल) के मुकदमे देख रहे थे। उनका तबादला होने के कारण यह कोर्ट रिक्त हो गई थी। बुधवार को न्यायाधीश पिंकू कुमार ने मुकदमों की सुनवाई की।