सासंद आजम खां के करीबी पालिकाध्यक्ष पति अजहर खां के घर की कुर्की
गंज पुलिस ने रविवार को सांसद आजम खां के करीबी पालिकाध्यक्ष पति अजहर खां के घर की कुर्की कर ली।
जागरण संवाददाता, रामपुर : गंज पुलिस ने रविवार को सांसद आजम खां के करीबी पालिकाध्यक्ष पति अजहर खां के घर की कुर्की कर ली। पुलिस ने घर में रखा सारा सामान कुर्क कर लिया। वह डूंगरपुर में मकान तोड़ने और लूटपाट करने के मुकदमों में सालभर से फरार चल रहे हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित कर दिया है।
गंज कोतवाली पुलिस रविवार दोपहर करीब 12 बजे मुहल्ला कटरा जलाल़ुद्दीन स्थित उनके आवास पर पहुंची। पुलिस ने उनके आवास पर एक माह पहले अदालत की ओर से जारी कुर्की का नोटिस चस्पा किया था। इस दौरान उन्हें कोर्ट में हाजिर होने का समय दिया था, लेकिन वह कोर्ट में हाजिर नहीं हुए। इस पर पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई कर दी। उनके घर में रखा सामान ट्रैक्टर ट्रालियों में लादकर थाने ले आई। पुलिस ने घर में रखे फ्रिज, बर्तन, पंखे आदि कोई सामान नहीं छोड़ा। इस दौरान मुहल्ले में भीड़ लग गई। वर्तमान में अजहर खां की पत्नी फात्मा अजहर पालिकाध्यक्ष हैं, जबकि इससे पहले वह खुद अध्यक्ष रहे हैं। इस मामले में हुई कुर्की
सपा शासनकाल में पुलिस लाइन के पास स्थित डूंगरपुर बस्ती में आसरा कालोनी का निर्माण कराया गया था। तब आजम खां प्रदेश सरकार में नगर विकास मंत्री थे। आसरा कालोनी जहां बनाई गई, वहां पहले से कई लोगों के मकान बने हुए थे। इन मकानों को तोड़ दिया था। जिनके मकान तोड़े गए, उन लोगों ने पिछले साल जुलाई माह में गंज कोतवाली में 11 मुकदमे दर्ज कराए थे। इन मुकदमों में पूर्व पालिकाध्यक्ष समेत सांसद के अन्य समर्थकों को नामजद किया गया था। मुकदमों में मारपीट, फायरिग, लूटपाट, तोड़फोड़ और छेड़छाड़ के भी आरोप लगाए गए। पूर्व पालिकाध्यक्ष इन मुकदमों में फरार चल रहे थे। कोर्ट ने उनके गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे। वारंट के बाद भी हाजिर न होने पर अदालत ने उनके घर की कुर्की के आदेश दिए थे। पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया। गंज कोतवाल रामवीर सिंह यादव ने बताया कि कुर्की नोटिस का समय पूरा होने तक पूर्व पालिकाध्यक्ष कोर्ट में हाजिर नहीं हुए। इस पर उनके घर का सामान कुर्क कर लिया है।