तलाक के बाद हलाला जैसा है गठबंधन : फरहत
रामपुर : अखिल भारतीय मुस्लिम महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरहत अली खां ने सपा और बसपा के गठबंधन पर तंज कसा है।
जागरण संवाददाता, रामपुर : अखिल भारतीय मुस्लिम महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरहत अली खां ने सपा और बसपा के गठबंधन पर तंज कसा है। प्रेस को जारी बयान में कहा है कि सपा और बसपा का यह गठबंधन तलाक के बाद हलाला जैसा है।
उन्होंने सपा और बसपा के बीच इससे पूर्व पैदा हो चुकी खटास को तलाक की संज्ञा दी है। कहा है कि तलाक के बाद दोनों के बीच आई खटास को दूर करने तथा रिश्ते सुधारने के लिए अखिलेश यादव ने हलाला की तरह यह बीच का रास्ता निकाला है। कहा कि बुआ और बबुआ की जोड़ी कितना भी प्रयास कर ले, लेकिन अब जनता को मूर्ख नहीं बनाया जा सकता। आम जनता तो दूर, अभी तो दोनों दलों के वोटर भी इस गठबंधन को हजम नहीं कर पा रहे हैं। वे एक दूसरे को वोट देना तो दूर की बात, साथ बैठना भी पसंद नहीं करते। उन्होंने कहा है कि बुआ-बबुआ ने जब देखा कि वे अपना जनाधार खो चुके हैं, अवाम समझदार हो गई है, तब जाकर यह निर्णय लिया। यदि वे ऐसा सोचते हैं कि ऐसा करके जनता को उल्लू बना देंगे, तो उनकी गलतफहमी है। हां, इस गठबंधन से भारतीय जनता पार्टी और भी अधिक मजबूत हो गई है। इस बार उत्तर प्रदेश में भाजपा 80 में 80 सीट जीत कर क्लीन स्वीप करेगी। उन्होंने दावा कि अब तक 27 लाख मुसलमान वोटरों को पार्टी से जोड़ा जा चुका है। चुनाव आने तक यह संख्या एक करोड़ से ऊपर पहुंच जाएगी। ऐसा इसलिए कि प्रधानमंत्री ने अपनी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग को दिया है। समझदार मुसलमान इस बात को समझ रहा है, इसलिए उनका विश्वास भारतीय जनता पार्टी में निरंतर बढ़ रहा है। यह विश्वास ही वोट में बदल कर चुनाव की तस्वीर बदलेगा।