पालिका बोर्ड की बैठक में दूसरे दिन हुए सभी प्रस्ताव पास
नगर पालिका बोर्ड की बैठक दूसरे दिन भी हुई। इस दौरान सभी प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जेएनएन, रामपुर। नगर पालिका बोर्ड की बैठक दूसरे दिन भी हुई। इस दौरान सभी प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभासदों ने विकास कार्य, साफ सफाई, पथ प्रकाश, दुकानों के किराए आदि के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। बीमारियों की रोकथाम के लिए वार्डों में फागिग कराने से पहले उन्हें जानकारी देने एवं उनसे मंजूरी लेने की बात रखी। सभासदों ने सभी प्रस्तावों को सुनने के बाद एक स्वर में मंजूरी दे दी।
पालिकाध्यक्ष फात्मा जबी की अध्यक्षता में नगर पालिका सभागार में बैठक हुई। इसमें संचालक मंजूर नकवी ने एजेंडा पढ़ना शुरु किया। इसमें पहला प्रस्ताव बोर्ड में गठित विभिन्न समितियों का था। सभासदों का कहना था कि जो समितियां गठित की हैं, वह नियमविरूद्घ हैं। इसके कारण प्रस्ताव को पिछली बैठक में पारित नहीं किया गया था। सभासदों का कहना था कि इन समितियों के गठन में हमारी पावर का इस्तेमाल किया जाए। इस पर पालिकाध्यक्ष ने विधिक राय लेने के लिए कहा था। पालिका की ओर से विधिक राय ली गई, तो पता लगा कि समितियों का गठन नगर पालिका अधिनियम के अनुरूप ही होना चाहिए। इसी बात को लेकर सभासदों और पालिका अधिकारियों के बीच गुरुवार को बहस होती रही। बहस इतनी लंबी हुई कि शुक्रवार को भी बैठक हुई। सभासदों ने कहा कि शहर में दीपावली से पूर्व पथ प्रकाश की व्यवस्था ठीक हो जानी चाहिए। इसके लिए नए प्वइंटों पर भी लाइटें लगाई जाएं, जिससे लोगों की दिक्कतें दूर हो सकें। नगर पालिका की दुकानों का किराया काफी कम होने का मुद्दा भी उठाया गया। सफाई कर्मियों को कूड़ा उठाने के लिए ठेली का आवंटन करने की बात भी उठाई। इस बीच कुछ सभासदों ने पालिका कर्मियों के पटल बदलने की बात रखी, जिस पर बहस बढ़ गई तो कुछ सभासद नाराज होकर पालिका सभागार से बाहर चले गए थे। इस दौरान अधिशासी अधिकारी ने सभासदों को मनाया और उन्हें आश्वस्त किया कि एक महीने का समय दिया जाए। इस दौरान आपको कुछ बदलाव देखने को मिलेगा। इस पर पालिकाध्यक्ष ने भी सहमति जताई, कहा एक माह का समय आप सभी सभासद दे दें अगर इसके बावजूद कोई सुधार देखने में नहीं मिला तो इस पर विचार जरूर किया जाएगा। इसके बाद सभागार में बैठे सभासदों के बुलाने पर बाहर गए सभासद वापस लौट आए। इसके बाद एक-एक कर प्रस्ताव पढ़े गए, जिन्हें सभासदों ने एक स्वर में सभी 10 प्रस्तावों को पास कर दिया। हालांकि, प्रस्ताव संख्या एक को लेकर साफ कहा कि नगर पालिका के नियम आदि देख लिए जाएं। यदि समितियां नियमों के अनुरूप हैं, तो उन्हें मंजूर कर लिया जाए, लेकिन यदि बोर्ड के अध्यक्ष और सभासदों पर कोई नियम आड़े आए तो इसे हटा दिया जाए। इस पर ईओ से सहमति जताई। सभी प्रस्ताव हुए पास रामपुर। नगर पालिका बोर्ड की बैठक के लिए 10 प्रस्ताव एजेंडे में शामिल थे। इसमें प्रस्ताव संख्या एक नगर पालिका में गठित समितियों से संबंधित है। प्रस्ताव दो बापू माल की दुकानों आठ दुकानों के आवंटन को लेकर है, जिसमें बोर्ड से स्वीकृति मांगी गई है। कस्तूरबा गांधी पक्षी विहार की नीलामी से संबंधित बिदु दिया गया है। प्रस्ताव संख्या तीन में नीलामी की अनुमति मांगी गई है। प्रस्ताव संख्या चार सभासदों एवं उनके परिजनों को कस्तूरबा गांधी पक्षी विहार में निश्शुल्क प्रवेश का है। इसके अलावा प्रस्ताव संख्या नौ में 39 सड़कों के निर्माण एवं दस में नामित सभासदों के आठ प्रस्ताव शामिल किए गए हैं, जो सभी सभासदों ने पास कर दिए हैं।
नगर पालिका बोर्ड की बैठक शुक्रवार को संपन्न हो गई। इसमें अध्यक्ष एवं सभासदों ने एक राय होकर एजेंडें के सभी प्रस्ताव पास किए हैं। इस दौरान सभासदों ने अपनी कुछ शिकायतें रखीं थीं, जिनको दूर कराएंगे।
इंदूशेखर मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, रामपुर।